अपनी बहुमुखी एक्टिंग, शानदार प्रदर्शन, नेक सामाजिक कार्यों व पर्यावरण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडणेकर ने सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने आधिकारिक तौर पर ‘द भूमि फाउंडेशन’ की वेबसाइट लॉन्च की है, जो एक गैर-लाभकारी समर्थक मंच है। यह प्लेटफॉर्म पर्यावरण से जुड़े मुद्दों से निपटने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर काम करता है।
भूमि पेडणेकर ने इस नए प्रयास को लेकर अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे द भूमि फाउंडेशन के लॉन्च की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। इस साल अपने जन्मदिन पर मैंने इस कॉन्सेप्ट का सफर शुरू किया कि मैं अपने प्लैनेट की मदद कैसे कर सकती हूं, और आज ‘द भूमि फाउंडेशन’ लॉन्च करते हुए मुझे बड़ा आनंद आ रहा है! मुझे उम्मीद है कि इस फाउंडेशन के माध्यम से क्लाइमेट को लेकर पूरे भारत में जागरूकता पैदा होगी और आशा करती हूं कि ठोस बदलाव लाने के लिए सही व्यक्तियों और समुदायों को सशक्त बनाया जा सकेगा।”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा, “इस प्लेटफॉर्म को लेकर मेरा विजन यह है कि ऐसे जलवायु संरक्षणकर्ताओं और पर्यावरण समर्थकों की सेना जुटाई जाए, जो पर्यावरण का संरक्षण करने तथा एक ज्यादा सस्टेनेबल दुनिया बनाने का समान लक्ष्य शेयर करते हैं। इस नई यात्रा पर निकलने के साथ, मैं सभी को आमंत्रित करती हूं कि वे पृथ्वी को बचाने में अपना हाथ बंटाएं।”
अपने प्लैनेट को लेकर भूमि पेडणेकर के प्रेम और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण को पहले ही वैश्विक मान्यता मिल चुकी है। यह अभिनेत्री यूएनडीपी इंडिया के सतत विकास लक्ष्यों की प्रथम नेशनल एडवोकेट और हीलिंग हिमालयाज की गुडविल एम्बेसडर हैं। हीलिंग हिमालयाज एक गैर सरकारी संगठन है, जो इस पर्वत श्रृंखला को साफ-सुथरा बनाए रखता है और इसके इकोसिस्टम की रक्षा करता है!
लोकेश चंद्रा/सुनीत
