Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेश भूमि की पैमाइश के बाद हुआ अंतिम संस्कार

 भूमि की पैमाइश के बाद हुआ अंतिम संस्कार

कौशांबी (हि.स.)। कडा धाम थाना क्षेत्र के एक गांव में मृतक का शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। पहला पक्ष जमीन को बंजर बता कर शव दफनाने पर अड़ गया। दूसरा पक्ष भूमि को अपना बता रहा था। विवाद की स्थिति को काबू में करने के लिए थाना पुलिस समेत राजस्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी भूमि की पैमाइस की गयी तो जमीन बंजर निकली। इसके बाद अंतिम संस्कार कराया गया।

कडा धाम के औरैनी गांव में सरवन यादव (50) की मौत बीमारी के चलते रविवार की रात हो गयी थी। सरवन के परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए गांव की एक भूमि पर दफनाने की प्रक्रिया कर रहे थे। गढ्ढा खोदे जाने के बाद परिजन जब शव लेकर मौके पर पहुंचे। इस दौरान गांव के अवधेश मौर्य पक्ष ने अपनी जमीन बता कर शव को दफन करने से रोक दिया। कहासुनी के बाद मृतक पक्ष लाश समेत धरने पर बैठ गया। विवाद की स्थिति बढ़ने की सूचना थाना पुलिस को मिली। मौके पर थाना प्रभारी भरी पुलिस बल के साथ पहुंचे।

पुलिस ने विवाद को निपटाने के लिए सिराथू तहसील के अफसरों से संपर्क किया। एसडीएम के आदेश के बाद नायब तहसीलदार सहित लेखपाल व कानूनगो मौके पर पहुंचे। विवादित भूमि की पैमाइस कर विवादित जमीन को बंजर करार दिया गया। उसके बाद मृतक पक्ष ने पुलिस की मौजूदगी में सरवन यादव के शव का अंतिम संस्कार किया। अवधेश पक्ष के मुताबिक विवादित भूमि से सटी उसकी भूमि थी। उसे लगा कि मृतक पक्ष उसकी जमीन पर शव दफना रहा है। नाप के बाद उन्हें अब कोई आपत्ति नहीं है।

थाना प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि शव दफनाने का विवाद राजस्व टीम की नाप के बाद सुलझ गया है। मौके पर किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। शांति व्यवस्था कायम है।

अजय कुमार/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular