हरदोई (हि. स.)। सम्पूर्ण समाधान दिवस में गरीबों के पट्टे, चकरोड एवं अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें। क्षेत्र के भूमाफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए जेल भेजने की कार्रवाई करें। यह निर्देश शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी ने तहसील बिलग्राम सभागार में अधिकारियों को दिए है।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने विभाग के माध्यम से होने वाले निर्माण तथा विकास कार्यों को गुणवत्ता परक निर्धारित समय पर पूर्ण कराएं। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सबसे निचले पायदान के पात्र व्यक्ति तक पूरी ईमानदारी से पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि लेखपाल नियमित रूप से ग्राम पंचायतों के साथ मजरों में जाकर ग्राम पंचायत का आयोजन कर लोगों से उनकी समस्याएं पूछें और छोटी-छोटी शिकायतों का निस्तारण ग्राम प्रधान, सचिव, बीट सिपाही आदि की उपस्थिति में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर करायें, ताकि गांव वासियों में आपसी प्रेम, सौहार्द बना रहे। भीषण गर्मी का ध्यान में रखकर खराब ट्रांसफारमरों को निर्धारित अवधि में बदलें और क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूति कराएं। गांव के खराब एवं रिबोर हैण्ड पम्पों को ग्राम प्रधान तथा सचिव के साथ बैठक कर तत्काल ठीक कराएं।
अम्बरीष /दीपक /सियाराम
