लखनऊ (हि.स.)। भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी विगत तीन दिनों से दिल्ली में हैं। प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होने के एक दिन पहले उन्हें दिल्ली बुलाया गया था। यूपी भाजपा अध्यक्ष पद पर भूपेन्द्र के नाम की घोषणा होते ही उन्हें बधाई देने भाजपाई गुरूवार से ही दिल्ली पहुंचने लगे। भूपेन्द्र चौधरी अभी लखनऊ पहुंचे नहीं तो दिल्ली पहुंचकर उन्हें सबसे पहले अपना चेहरा दिखाने की भाजपाई में होड़ लगी है। वहीं शुक्रवार को बड़ी संख्या में प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से आये नेता व कार्यकर्ताओं का तांता लगा है।
अभी प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल से मिलकर बधाई देने का सिलसिला थमा ही नहीं था कि पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी। अब पार्टी के नेता प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन मंत्री दोनों से मिलकर चेहरा दिखाकर अपनी नजदीकियां बढ़ाना चाहते हैं। प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन मंत्री दोनों नये हैं।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अब प्रदेश भाजपा की टीम भी बनेगी और जिलों में जिला अध्यक्षों की भी घोषणा होगी। प्रदेश के तमाम नेता जहां अपनी कुर्सी बरकरार रखना चाहते हैं, वहीं तमाम नेता नये प्रदेश अध्यक्ष से नजदीकियां बढ़ाकर अच्छा पद लेना चाहते हैं।
प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश, युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला, प्रशांत सिंह राठौर समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पहुंचकर शुभकामनाएं दी।
बृजनन्दन
