– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में ग्रहण करेंगे पदभार
लखनऊ(हि.स.)। भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के आगमन पर लखनऊ में भव्य स्वागत की तैयारी की गयी है। चारबाग रेलवे स्टेशन से लेकर हजरतगंज चौराहे तक सड़क के दोनों ओर और बीच में भी भूपेन्द्र चौधरी के स्वागत में बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाई गयी हैं।
लखनऊ शहर के अन्य रास्तों पर भी नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में पार्टी कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग लगाई हैं। पूरा शहर भाजपाई झण्डे -बैनर में भगवामय दिख रहा है। भूपेन्द्र चौधरी दिल्ली से चलकर आज लखनऊ आयेंगे और प्रदेश कार्यालय पर आयोजित स्वागत समारोह में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दोपहर 12ः30 बजे शताब्दी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से चलकर लखनऊ पहुंचेंगे। चारबाग रेलवे स्टेशन पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा भूपेन्द्र सिंह का भव्य स्वागत किया जायेगा।
इसके बाद भूपेन्द्र सिंह केकेसी तिराहा स्थित प. दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका जाएगें जहां पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, बाबा साहब डा. भीम राव अम्बेडकर, सरदार पटेल, लोकभवन स्थित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह सहित अन्य महापुरूषों की प्रतिमाओं पर जा कर पुष्पांजलि कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेगें। इसके बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पार्टी के राज्य मुख्यालय पहुंचेगे। पार्टी मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत व अभिनंदन किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
बृजनन्दन
