Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभीषण ठण्ड के बाद भी संगमनगरी हुई राममय

भीषण ठण्ड के बाद भी संगमनगरी हुई राममय

-हर गली-चौराहे के लोग राम धुन में डूबे, माघ मेला भी हुआ राम मय

प्रयागराज (हि.स.)। अयोध्या में भगवान श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आज पूरी संगमनगरी राममय हो गई। प्रभु श्री राम की आस्था के आगे भक्तों में भीषण ठण्ड फीकी दिखाई दी। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों एवं माघ मेले में भी सभी भक्ति में डूबे नजर आए। जगह-जगह सुन्दरकांड रहा तथा अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण दिखाया गया। इसके उपरान्त भण्डारे का आयोजन रहा। कोई ऐसा क्षेत्र नहीं बचा था, जहां लोगों में उत्साह की कमी रही हो।

इसी तरह ग्रामीण अंचलों में भी सुबह शोभायात्रा निकाली गई। गंगापार के श्रृंगवेरपुर धाम, फूलपुर, हंडिया, बरौत. सोरांव, होलागढ़ सहित यमुनापार के नैनी, शंकरगढ़, लालापुर, मेजा, कोरांव आदि इलाकों में जयश्रीराम के उद्घोष के साथ यात्रा निकाली गई। सिविल लाइंस हनुमान मंदिर में वृहद कार्यक्रम के उपरांत प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण एलईडी के माध्यम से दिखाया गया।

भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि अयोध्या में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा के निमित्त भाजपा महानगर कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में सायं 3 बजे सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण का आयोजित किया जाएगा। प्रयागराज महानगर द्वारा 250 स्थानों पर लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट आम जनमानस को दिखाने के लिए एलसीडी एवं एलईडी टीवी लगाया गया है।

मुट्ठीगंज स्थित नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, हनुमान मंदिर ठाकुर ट्रस्ट द्वारा हटिया चौराहे पर भी सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया है। भाजपा काशी प्रांत के संयोजक प्रेम नारायण केसरवानी के नेतृत्व में धूमनगंज में सुबह 10 बजे श्री राम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण किया गया और शाम 4 बजे धूमनगंज स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा और शाम छह बजे भव्य आतिशबाजी की जायेगी। सांसद रीता बहुगुणा जोशी एवं भाजपा नेता पदुम जायसवाल द्वारा मुट्ठीगंज और आर्य कन्या चौराहे पर सुबह 10 बजे श्री राम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण किया गया।

औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी द्वारा शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के 134 मंदिरों पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। जिसकी जिम्मेदारी संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। नन्दी द्वारा शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मीरापुर में गया निषाद की गली के सामने हनुमान मंदिर, ककरहा घाट हनुमानजी मंदिर, कीडगंज स्थित निम्बार्क आश्रम, चौक ऊंचा मण्डी स्थित मुकुन्देश्वर महादेव मंदिर, मुट्ठीगंज में बड़ा चौराहा पर हनुमान मंदिर के पास और शहराराबाद में शंकरजी मंदिर के पास व नैनी क्षेत्र में महेवा गेट दुर्गा मंदिर के पास, मनकामेश्वर मंदिर एडीए नैनी के पास एलईडी लगवाई गई।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular