बोले—विधानसभा चुनाव में लोग अपने मतों का सही इस्तेमाल करें, चुनाव परिणाम चौंकाने वाला होगा
वाराणसी (हि.स.)। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रविवार को वाराणसी पहुंचे। शहर के सीमा मोहनसराय हाईवे स्थित चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। शहर में आने के बाद चंद्रशेखर सीर गावेर्धन स्थित संत रविदास की जन्मस्थली पहुंचे। दरबार में मत्था टेकने और लंगर चखने के बाद मीडिया से भी रूबरू हुए। केन्द्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि चुनाव के समय दलित शोषित की बात सभी दल के लोग करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद सब भूल जाते हैं। विधानसभा चुनाव में इस बार दलित और वंचित वर्ग के लोग जो परिणाम देंगे वह चौकाने वाला होगा।
विधानसभा चुनाव में गठबंधन किस दल से करेंगे के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि गठबंधन होगा तो बताया जायेगा। अभी सभी लोग को तैयार कर रहे हैं कि वे अपने वोट का सही इस्तेमाल करें। हमें अपनी मेहनत से जीतना होगा तो जनता को तैयार कर रहे हैं। समाज के युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और जिम्मेदार, मेहनतकश मजदूर अपना वोट धर्म-जाति के एजेंडे पर नहीं बल्कि अपने अधिकारों के लिए दें। इसकी कीमत को समझे।
श्री काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह से जुड़े सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनाव में वोट चाहिए। साढ़े चार साल तक जो लोग काम नहीं करते हैं उन्हें वोट पाने के लिए इस तरह की तमाम चीज़ों का फायदा उठाना पड़ता है। चुनाव में भाजपा का तो चाल-चरित्र बंटवारे की राजनीति का रहा है। भाजपा धर्म की राजनीति करती है और हम धर्म को राजनीति से नहीं जोड़ते हैं। हेलीकॉप्टर हादसे में सीडीएस विपिन रावत सहित सेना के अन्य अफसरों के शहादत पर चंद्रशेखर ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि मुझे नायकों और उनके परिवार के लिए संवेदना है। देश की बहुत बड़ी क्षति है,ये क्षति किसी भी तरह से पूरी नहीं हो सकती है। जनरल विपिन रावत एक योग्य और बहादुर सिपाही थे। मेरे हिसाब से उनकी क्षति शायद पूरी नहीं हो सकती।
श्रीधर
