Sunday, April 5, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयभारत से 1.6 मीट्रिक टन जीवन रक्षक दवा मिलने पर अफगानिस्तान ने...

भारत से 1.6 मीट्रिक टन जीवन रक्षक दवा मिलने पर अफगानिस्तान ने जताया आभार

काबुल (हि.स.)। संकटों से घिरे अफगानिस्तान को भारत से 1.6 मीट्रिक टन जीवनरक्षक दवाओं की पहली खेप पहुंचने के बाद तालिबान सरकार ने आभार जताते हुए नई दिल्ली को शुक्रिया कहा है। शनिवार को एक विशेष विमान से दवाओं की बड़ी खेप पहुंचने पर तालिबान ने कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ता बेहद महत्वपूर्ण है।

भारत में अफगानिस्तान के राजदूत फरीद मामुन्दजई ने कहा कि इस सहायता से मुश्किल की घड़ी में अफगानिस्तान में कई परिवारों की मदद होगी। मामुन्दजई ने ट्वीट किया कि चिकित्सा सामग्री की पहली खेप भारत से आज सुबह काबुल आई। 1.6 मीट्रिक टन जीवनरक्षक दवाओं से मुश्किल की घड़ी में बहुत से परिवारों की मदद होगी। भारत की तरफ से लोगों का उपहार।

इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान (आईईए) के उप प्रवक्ता अहमदुल्ला वासिक ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा था कि भारत क्षेत्र का अग्रणी देश है। अफगानिस्तान और भारत का संबंध बहुत महत्वपूर्ण है। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि अफगानिस्तान में चुनौतीपूर्ण मानवीय स्थिति को देखते हुए, भारत सरकार ने भारतीयों और अफगानिस्तानी नागरिकों को लेकर आई फ्लाइट की वापसी में चिकित्सा आपूर्ति की खेप भेजी है।

शुक्रवार को जिस विशेष विमान से 10 भारतीयों और 94 अफगान नागरिकों का जत्था नई दिल्ली पहुंचा था, उसी विमान से शनिवार को भारत ने 1.6 मीट्रिक टन दवाइयां काबुल भेजी थी। ऑपरेशन देवी शक्ति के जरिए अब तक 669 लोग अफगानिस्तान से भारत आ चुके हैं। इनमें भारतीय और अफगान मूल के नागरिक हैं, जिनमें अल्पसंख्यक हिंदू और सिख शामिल हैं।

अजीत तिवारी

RELATED ARTICLES

Most Popular