Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश भारत-वियतनाम यूथ एक्सचेंज के तहत कुशीनगर पहुंचा पहला दल

 भारत-वियतनाम यूथ एक्सचेंज के तहत कुशीनगर पहुंचा पहला दल

– महापरिनिर्वाण मन्दिर में विशेष पूजा कर की विश्व शांति की कामना

कुशीनगर (हि.स.)। भारत वियतनाम यूथ एक्सचेंज के तहत कुशीनगर पहुंचे पहले वियतनामी दल ने शनिवार को कुशीनगर के महापरिनिर्वाण मन्दिर में विशेष पूजा कर विश्व शांति व दोनों देशों के मध्य मित्रता प्रगाढ़ होने व विकास, समृद्धि की कामना की।

विशेष युवा दल ने बुद्ध की शयन मुद्रा वाली प्रतिमा पर वियतनाम से लाया विशेष चीवर अर्पित किया। वियतनाम की नेशनल कमेटी ऑन यूथ की महासचिव व मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मिस एन नगा युवा दल का नेतृत्व कर रही हैं। दल में नगयूएन टी टॉम, होआंग जुआन जिओ, मिस डो फान नहु नगुएट और नगयूएन दुओंग होआंग समेत वियतनाम के अग्रणी युवा शामिल हैं।

भारत सरकार के युवा मामले व खेल मंत्रालय के असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर संदीप सिंह दल को कोआर्डिनेट कर रहे हैं। दल के सदस्य रामाभार स्तूप, राजकीय बौद्ध संग्रहालय, जैन तीर्थस्थली पावानगर भी गए। यह दल शुक्रवार की शाम वाराणसी से यहां पहुंचा था। रविवार को सुबह वियतनामी प्रतिनिधमंडल दिल्ली के लिए रवाना होगा।

संस्कृति को साझा करने आया है दल

वियतनामी दल इंटरनेशनल यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भारत सरकार के निमंत्रण पर आया हुआ है। इनका उद्देश्य विविधितापूर्ण भारतीय संस्कृति, भाषा, रहन सहन, खान पान, परम्परा, रीति-रिवाज आदि के बारे में जानकारी प्राप्त करना है। भारत-वियतनाम मैत्री सम्बंधों में और प्रगाढ़ता आएगी। बुद्ध पीजी कालेज कुशीनगर के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डा. निगम मौर्य, भंते अशोक, भंते उपालि, भंते सागरा, गाइड टीके राय ने दल को कुशीनगर की विशेषताओं के सम्बंध में बताया।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular