Sunday, March 29, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयभारत में गूगल 10 अरब डॉलर का निवेश करेगी: सुंदर पिचाई

भारत में गूगल 10 अरब डॉलर का निवेश करेगी: सुंदर पिचाई

वाशिंगटन/नई दिल्ली (हि.स.)। अमेरिकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल भारत में डिजिटाइजेशन के लिए 10 अरब डॉलर (करीब 82 हजार करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। गूगल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने घोषणा की है कि कंपनी गुजरात के गिफ्ट सिटी में अपना ग्लोबल फिनटेक ऑपरेशन सेंटर खोलेगी। प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद पिचाई ने कहा कि कंपनी अपने 10 अरब डॉलर के डिजिटलीकरण फंड के माध्यम से भारत में निवेश करना जारी रखेगी।

सुंदर पिचाई ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। पिचाई ने डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री के नजरिये की सराहना की। पिचाई ने कहा कि डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण उनके समय से कहीं आगे है। मैं अब इसे एक ब्लूप्रिंट के रूप में देखता हूं, जिसे अन्य देश करना चाह रहे हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और सुंदर पिचाई के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, फिनटेक और रिसर्च एंड डवलपमेंट को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा हुई।

प्रजेश शंकर/संजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular