Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभारत बंद: पश्चिम उप्र में भाकियू कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम, खुले रहे...

भारत बंद: पश्चिम उप्र में भाकियू कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम, खुले रहे बाजार

मेरठ (हि.स.)। कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को आयोजित भारत बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। मेरठ समेत आसपास के जिलों में भाकियू कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बंद के दौरान बाजार खुले रहे। मेरठ में कमिश्नरी पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने सभा करके केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

भारत बंद को लेकर पश्चिम उप्र के मेरठ, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, बिजनौर, रामपुर, संभल, मुरादाबाद आदि जिलों में भाकियू कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर जाम लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके कृषि कानूनों की वापसी की मांग दोहराई। मेरठ में भाकियू कार्यकर्ताओं ने सिवाया टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन किया। बाजारों में बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया। मेरठ शहर के अधिकांश हिस्से में सोमवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण बाजार बंद रहे। प्रभावशाली व्यापार संगठनों ने भारत बंद को अपना समर्थन नहीं दिया था। पल्लवपुरम में चौहान मार्किट व्यापार संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर चौहान का कहना है कि सोमवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार बंद रहे। इसका भारत बंद से कोई लेना-देना नहीं रहा। मेरठ शहर में आने-जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहा। जिला प्रशासन ने भारत बंद के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। प्रशासन ने 17 स्थानों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई। जिलाधिकारी के. बालाजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी लगातार हालात का जायजा लेते रहे। भारी मात्रा में पुलिस फोर्स लगाई गई।

भाकिूय ने मेरठ में दिल्ली-रूड़की रोड पर सकौती, सिवाया टोल व परतापुर में जाम लगाया। मेरठ-पोड़ी मार्ग पर बहसूमा, मवाना खुर्द व मसूरी में जाम के प्वाइंट बनाए। मेरठ-बागपत मार्ग पर जानी खुर्द में जाम लगाया। मेरठ-करनाल हाईवे पर जंगेठी, रिठाली, दबथुवा व भूनी चौराहे पर जाम लगाया। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर पूठ गंग नहर पुल पर जाम लगाया। किला परीक्षितगढ़ से गढ़ मार्ग के तिराहे पर जमा लगाया। गढ़ रोड पर भटीपुरा गांव के चौराहे पर जाम लगाया।

इसी तरह से बागपत में भारत बंद के दौरान भाकियू कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्गों पर कई जगह जाम लगाया। मुजफ्फरनगर में टोल प्लाजा पर भाकियू ने धरना-प्रदर्शन किया। बिजनौर जिले में भाकियू ने जाम के लिए बनाए 50 प्वाइंट पर धरना दिया। इसी तरह से सहारनपुर में भी भारत बंद का बाजारों पर कोई असर नहीं दिखाई दिया। यहां पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने 05 जगह जाम के प्वाइंट बनाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular