Monday, February 16, 2026
Homeराष्ट्रीयभारत जोड़ो यात्रा की सफलता से परेशान है भाजपा : कांग्रेस

भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से परेशान है भाजपा : कांग्रेस

नई दिल्ली(हि.स.)। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से परेशान है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि देश को जलाने वाले प्रतीकात्मक रूप से एक निक्कर के जलते दिखाए जाने पर इतने परेशान क्यों हैं? उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं उन्हें पुतला जलाने से परेशानी क्यों है? और वे हमसे जवाब क्यों मांग रहे हैं? रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से भाजपा परेशान हैं।

रमेश ने कहा कि दरअसल बात ये है कि जिन लोगों ने ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ का विरोध किया था उन्हें आज भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से जलन हो रही है। क्योंकि भारत एकजुट हो जाएगा तो इनकी नफरत की दुकान बंद हो जाएगी।

कांग्रेस ने एक तस्वीर ट्वीट की थी। इस तस्वीर में आरएसएस की पोशाक रही हाफ पैंट में आग लगी दिखाई दे रही है और लिखा गया है कि देश को नफरत के माहौल से मुक्त करने के लिए भाजपा-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई के लिए कांग्रेस एक-एक कदम आगे बढ़ रही है। कांग्रेस के इस ट्वीट पर भाजपा ने आपत्ति जताई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा नहीं कर रहे। यह ‘भारत तोड़ो’ और ‘आग लगाओ यात्रा’ है।

आशुतोष

RELATED ARTICLES

Most Popular