कानपुर (हि.स.)। दिल्ली की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है और इस बड़े प्रदेश में हम सबको कड़ी मेहनत करना है। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता नए लोगों को जोड़ें और राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है। देश में बदलाव की बयार शुरु हो चुकी है बस जरुरत है कि हमको संगठित होकर इसके लिए चौबीस घंटे काम करना होगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में आने वाले समय में एक मजबूत संगठन के साथ कांग्रेस पार्टी को पुनः सत्ता में वापस लाना होगा। यह बातें शनिवार को कांग्रेस उत्तर प्रदेश अध्यक्ष का पद ग्रहण करने लखनऊ जा रहे बृजलाल खाबरी ने कानपुर में कही।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष बृजलाल खबरी लखनऊ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पद ग्रहण करेंगे। जालौन से चलकर लखनऊ जाते समय कानपुर में जाजमऊ गंगा पुल पर शहर कांग्रेस कमेटी कानपुर उत्तर द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने सभी आए हुए कांग्रेस जनों से अभिनंदन स्वीकार किया और कहा हम सबको इसी प्रकार एकजुट होकर प्रियंका गांधी के नेतृत्व में और राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को घर-घर पहुंचाना है। शहर कांग्रेस कमेटी कानपुर उत्तर के अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने प्रदेश अध्यक्ष को दुशाला पहनाकर स्वागत किया।
स्वागत करने के उपरांत शहर कांग्रेस कमेटी कानपुर उत्तर के के नेतृत्व में काफिला प्रदेश अध्यक्ष के साथ लखनऊ शपथ ग्रहण के लिए रवाना हुआ। इस दौरान पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी, मदन मोहन शुक्ला, पवन गुप्ता, सिराज कुरैशी, लल्लन अवस्थी, जावेद जमील उस्मानी, त्रिलोकी त्रिवेदी, इम्तियाज रईस, मीना मिश्रा, नागेंद्र यादव और हरीश गुप्ता आदि मौजूद रहें।
अजय
