भाजपा नेता वेद प्रकाश खादी वालों के आवास पर मीडिया को किया सम्बोधित
गाजियाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने बजट 2023_24 को सरकार का सर्व हितेषी और देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्णायक बताया। उन्होंने कहा कि अमृत काल का पहला आम बजट 2023-24 एक लोक कल्याणकारी बजट है। यह गाँव, गरीबों, किसानों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों, शोषितों, वंचितों,दिव्यांगजनों,आर्थिक रूप से पिछड़े तथा मध्यम वर्ग के लोगों को सशक्त और सक्षम बनाने वाला बजट है। यह ग्राम विकास, कृषि विकास, श्रमिक कल्याण, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर, पूर्वोत्तर एवं पहाड़ी क्षेत्रों सहित पूरे देश के समग्र विकास को समर्पित बजट है।
बृजेश सिंह यहां बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता वेद प्रकाश खादीवाले के आवास पर मीडिया को संबोधित कर रहे थे । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा देश के नागरिकों को सामाजिक न्याय, समानता, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराने वाला बजट है। देश का 75वां आम बजट ”ईज ऑफ लिविंग” को बढ़ाने पर जोर देने वाला बजट है। यह दुनिया में सबसे तेज गति से देश को विकास की राह दिखाने वाला और भारत को सुपर इकोनामी पावर बनाने वाला बजट है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सर्व-स्पर्शी, सर्व- समावेशी एवं देश के जन -जन और हर क्षेत्र के सर्वांगीण कल्याण के प्रति समर्पित आम बजट के लिए हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं उनकी पूरी टीम का हार्दिक अभिनंदन करते हैं।
देश के अपने आम बजट 2023-24 का एजेंडा नागरिकों के लिए बड़े अवसर उपलब्ध कराना,विकास और रोजगार सृजन को मजबूत प्रोत्साहन प्रदान करना, व्यापक आर्थिक स्थिरता को मजबूत करना है।उन्होंने कहा बजट की 7 अर्थात् सप्तर्षि प्राथमिकताएं हैं।
समावेशी विकास,लास्ट माइल डिलीवरी, बुनियादी ढांचा और निवेश, क्षमता को उजागर करना, हरित विकास, युवा और क्षेत्र की मजबूती ।बृजेश सिंह ने कहा कि यह महज वर्ष 2023-24 के डेवलपमेंट का एजेंडा नहीं है, बल्कि देश के लिए अगले 25 से 50 साल के लिए विकसित अर्थव्यवस्था की बुनियाद रखने वाला ब्लू प्रिंट है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बजट के माध्यम से पुरानी टैक्स व्यवस्था को खत्म करते हुए मध्य वर्ग के नौकरीपेशा लोगों को ऐतिहासिक तोहफा दिया है। अब नौकरी पेशा लोगों को 7 लाख रुपये सालाना की आय पर कोई टैक्स नहीं देना होगा। साथ ही, टैक्स स्लैब को को भी घटा कर 5 तक सीमित कर दिया गया है।
मोटे अनाज उगाने के मोर्चे पर भारत लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। भारत श्री अन्न का सबसे बड़ा उत्पादक और दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक देश है। भारत को श्री अन्न का ग्लोबल हब बनाने के लिए हम कटिबद्ध हैं। इस दिशा में हैदराबाद में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ बच्चों और किशोरों के लिए राष्ट्रीय डिजिटल पुस्तकालय स्थापित किया जाना और अगले 3 साल में 740 एकलव्य स्कूलों के लिए 38 हजार 800 टीचर्स और सपोर्ट स्टाफ नियुक्त किए जाने का निर्णय एक स्वागतयोग्य कदम है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, बलदेव राज शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी,महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, संदीप त्यागी, वेद प्रकाश गर्ग खादीवाले, मीडिया संयोजक प्रदीप चौधरी, और सह मीडिया प्रभारी, जयकमल अग्रवाल, डॉक्टर नमित वार्ष्णेय, अमित प्रताप सिंह, विनोद बिंदल, प्रतीक माथुर आदि उपस्थित रहे। इसके बाद बृजेश सिंह ने जीटी रोड स्थित होटल वेस्ट व्यु में बजट संगोष्ठी को सम्बोधित किया और बजट की खूबियां बताई।
फरमान अली
