Friday, March 27, 2026
Homeखेलभारत को तीसरे टी20 मैच में ईशान किशन को आराम देना चाहिए...

भारत को तीसरे टी20 मैच में ईशान किशन को आराम देना चाहिए : वसीम जाफर

नई दिल्ली(हि.स.)। पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने कहा है कि भारतीय टीम प्रबंधन को गुयाना में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही पांच मैचों की सीरीज के तीसरे टी20 मैच में सलामी बल्लेबाज ईशान किशन को आराम देना चाहिए। 25 वर्षीय किशन को पहले दो मैचों में बड़ा स्कोर बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। पहले टी20 मैच में नौ गेंदों पर छह रन बनाने के बाद वह दूसरे मैच में 23 गेंदों पर 27 रन ही बना सके।

जाफर ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से बातचीत में कहा, “हम जानते हैं कि ईशान किशन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में संघर्ष किया है, इसलिए उन्हें ब्रेक दें। जब वह अगला मैच खेलेंगे तो वह और मजबूत होकर वापसी कर सकते हैं।”

जाफर ने यह भी उल्लेख किया कि भारत को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल से शुरुआत करानी चाहिए क्योंकि वह टेस्ट श्रृंखला में मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं। जायसवाल ने दो मैचों में 88.67 की औसत से 266 रन बनाए।

जाफर ने कहा, “मैं बिना किसी संदेह के यशस्वी जायसवाल को चुनूंगा क्योंकि वह निडरता लाते हैं। वह स्पिन को अच्छा खेलते हैं और तेज गेंदबाजी के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी अनुकरणीय है। वह अपने खेल के चरम पर है, आत्मविश्वास से भरपूर है, तो उन्हें टीम में शामिल करें और देखें कि आपको क्या मिलता है? उन्होंने टेस्ट में रन बनाए हैं और वह मौके की तलाश में हैं।”

45 वर्षीय जाफर ने यह भी बताया कि कप्तान हार्दिक पांड्या को टी20 में अक्षर पटेल का उपयोग करने में मुश्किल हो रहा है। पिच धीमी होने के बावजूद दूसरे टी20 मैच में अक्षर से एक भी ओवर नहीं फेंकवाया गया और जाफर को लगता है कि निकोलस पूरन और शिमरोन हेटमायर की बाएं हाथ की जोड़ी के खिलाफ हार्दिक को बाएं हाथ का स्पिनर पसंद नहीं आया होगा।

उन्होंने कहा, “आईपीएल फ्रेंचाइजी से लेकर राष्ट्रीय टीम तक अक्षर पटेल के साथ यही समस्या रही है। जब भी कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज क्रीज पर आता है तो ऐसा लगता है कि वह गेंदबाजी नहीं करेगा। मैं समझ सकता हूं कि निकोलस पूरन कब स्ट्राइक पर हैं, लेकिन मुझे लगा कि जब वह और शिमरोन हेटमायर आउट हुए, तो मुझे आश्चर्य हुआ कि उन्होंने वहां गेंद नहीं फेंकी थी। जाहिर तौर पर आपने अपना अंतिम ओवर युजवेंद्र चहल से कराया था और मैं ईमानदारी से आश्चर्यचकित था कि उन्होंने गेंदबाजी नहीं की।”

पहले दो मैच क्रमश: चार रन और दो विकेट से हारने के बाद भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम तीसरे मैच में जोरदार वापसी की उम्मीद होगी।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular