सांसद कैसरगंज ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन-कहा, हम हैं चैम्पियन
खेल डेस्क
सोफिया (बुल्गारिया)। अंडर-20 जूनियर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप प्रतियोगिता 2022 में भारत ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एक रजत और छह कांस्य सहित सात पदक हासिल किए। भारत 112 अंकों के साथ फ्रीस्टाइल टीम रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ईरान (159) और अमेरिका (132) ने पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया। यह जूनियर चैंपियनशिप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष व कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने देशवासियों की तरफ से खिलाड़ियों को बधाई दी है। अपने ट्वीटर हैंडल से एक ट्वीट में बुल्गारिया की राजधानी सोफिया स्थित आयोजन स्थल से उन्होंने लिखा है : ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा.’ उन्होंने लिखा, ‘हम हैं चैम्पियन। सोफिया (बुल्गारिया) अंडर 20 जूनियर विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप प्रतियोगिता 2022 पुरुषों की भारतीय कुश्ती टीम ने पहली बार ट्राफी (तृतीय स्थान) जीतकर इतिहास रचा। पहलवानों के अभेद्य प्रदर्शन ने भारतीयों को गौरवान्वित किया।’ उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपनी फोटो भी शेयर की है।
इस प्रतियोगिता में भारत का एकलौता रजत पदक महेंद्र बाबा साहब गायकवाड ने पुरुषों के 125 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में जीता। महेंद्र शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंचे, जहां ईरान के आमिरेज़ा फ़रदीन मासूमी ने उन्हें तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 13-2 से मात दी। जुलाई में बहरीन में जूनियर एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले महेंद्र बाबासाहेब गायकवाड़ फाइनल मुकाबले में ईरान के 2021 कैडेट विश्व चैंपियन अमीरेज़ा फरदीन मासूमी वालादी से तकनीकी श्रेष्ठता (13-2) के जरिए हार गए थे। इससे पहले महेंद्र बाबासाहेब गायकवाड़ ने क्वार्टर-फाइनल में अंडर-23 यूरोपीय चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता तुर्की के आदिल मिसिरसी पर 6-4 से जीत दर्ज की थी। महाराष्ट्र के इस भारतीय पहलवान ने सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के नमोज़ अब्दुरशिदोव को 6-0 से हराकर अंडर 20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में 125 किग्रा फाइनल में जगह बनाई। महेंद्र बाबासाहेब गायकवाड़ के रजत के अलावा, मोहित कुमार (61 किग्रा) और सागर जगलान (74 किग्रा) ने भी बुधवार को एक-एक कांस्य पदक जीता। इसी के साथ विश्व अंडर 20 कुश्ती चैंपियनशिप 2022 में भारत के पदकों की संख्या सात पहुंच गई, जिसमें एक रजत और छह कांस्य पदक शामिल हैं। मोहित कुमार ने तकनीकी श्रेष्ठता के जरिए पहले दो मुकाबले जीतकर अच्छी शुरुआत की और क्वार्टर-फाइनल में अंडर 20 एशियाई चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता कजाकिस्तान के माईस अलीयेव को 10-4 से हराया। हालांकि, पिछले महीने ट्यूनीशिया में सीनियर ज़ौहैयर सघेयर रैंकिंग सीरीज में रजत पदक जीतने वाले मोहित कुमार सेमीफाइनल में जापान के चैंपियन युतो निशियुची से 16-8 से हार गए। इसके बाद मोहित कुमार ने अजरबैजान के जेहुन अल्लाहवरदीयेव को 7-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस बीच, सागर जगलान ने क्वार्टर-फाइनल में मौजूदा अंडर 20 एशियाई चैंपियन ईरान के इरफान मोहम्मद इलाही को 10-5 से हराकर बड़ी जीत हासिल की। हालांकि, सागर जगलान सेमीफाइनल में जापान के रयूनोसुके कामिया से 9-2 से हार गए, लेकिन कजाकिस्तान के इलियास येरबोलतोव को तकनीकी श्रेष्ठता (10-0) से हराकर वह कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। महिला कुश्ती में, मौजूदा कैडेट विश्व चैंपियन प्रिया (76 किग्रा) ने सेमीफाइनल में हंगरी की अंडर 20 यूरोपीय चैंपियन वेरोनिका न्यिकोस को 6-5 से हराकर स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बनाई। क्वालिफिकेशन राउंड में, प्रिया ने कजाकिस्तान की अलीना येरटोस्टिक को हराने के बाद क्वार्टर-फाइनल में तुर्की की मेलिसा सरिटैक पर 6-4 से जीत दर्ज की। 2021 में भारत 101 पॉइंट के साथ पांचवें स्थान पर रहा था।

यह भी पढें : अब स्कूलों में खेल जाएंगे गिल्ली डंडा, इक्कल-दुक्कल समेत ये 75 देशी खेल
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
