Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा उत्तर प्रदेश :...

 भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा उत्तर प्रदेश : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के उत्कृष्ट एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए नए भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है। योगी के कुशल नेतृत्व में गरीब कल्याण को समर्पित भाजपा सरकार ने विगत छह वर्ष में सबका साथ-सबका विकास के मूल मंत्र पर चलते हुए प्रदेश के हर वर्ग की समृद्धि एवं सशक्तिकरण के लिए काम किया है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार के सफल छह वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। प्रदेश संगठन मंत्री ने ट्वीट किया कि भाजपा की सरकार में उत्तर प्रदेश भय मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, सशक्त, सर्वस्पर्शी, विकासशील प्रदेश बनाने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री के रूप में योगी ने ऐतिहासिक कार्य किया : हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के सफलतम एक वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में कड़े और बड़े फ़ैसले लेकर उत्तर प्रदेश का इतिहास बदलने का अद्भुत कार्य किया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आत्मविश्वास से भरपूर है।

उत्तरप्रदेश को अपराधी मुक्त करने का निर्णय हो, बड़े-बड़े दुर्दांत माफ़ियाओं के ख़िलाफ निर्णायक कार्यवाही हो, वैश्विक औद्योगिक समिट सफलता पूर्वक करके बड़ा निवेश का लक्ष्य हासिल करना हो, प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज, आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय की स्थापना, खेल विश्वविद्यालय की स्थापना हो, हर क्षेत्र में काम हुआ है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि फ़ोरेंसिक विश्वविद्यालय की स्थापना, आयुर्विज्ञान संस्थान, हेल्थ एटीएम या एमबीबीएस और और पीजी कोर्सेज की छात्रों की सीटें दुगुनी करना, चिकित्सा के क्षेत्र को मेडिकल टूरिज्म का हब बनाने की दिशा भी बड़ा कार्य किया गया है। इसी तरह एक्सप्रेस वे का निर्माण, ग़रीब कल्याण योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन, बिना घूस के सरकारी नौकरियों को पारदर्शी ढंग से प्रतिभाशाली युवाओं की नियुक्ति, खाद और सिंचाई के पानी की उपलब्धता से किसानों के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाने का कार्य हुआ है।

प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के विकास, वनटंगिया वंचित समूह को मकान, बिजली, शौचालय, स्कूल और रोज़गार देकर वंचित समाज के उत्थान की चिंता तथा अयोध्या में श्री रामलला का मन्दिर निर्माण, विंध्यवासिनी कारिडोर, नैमिष तीर्थ क्षेत्र का विकास कर पर्यटन की अपार संभावना को साकार किया गया है। यह सब काम अपने आप में प्रदेश को रामराज्य की तरफ ले जाना है।

बृजनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular