लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ विश्वविद्यालय में जनवरी 2024 में होने वाले भारतीय विज्ञान कांग्रेस संघ के वार्षिक सत्र की तैयारियों के सिलसिले में भारतीय विज्ञान कांग्रेस संघ की टीम ने आडिटोरियम, लेक्चर हाल सहित विश्वविद्यालय की सभी सुविधाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों की रूपरेखा और तैयारियों का निरीक्षण करने वाली दस सदस्यीय टीम के साथ डीन एकेडमिक्स प्रो. पूनम टंडन तथा विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। इस भ्रमण के दौरान टीम के सदस्यों ने दोनों परिसरों में सत्र के आयोजन हेतु संभावित आयोजन स्थलों, लेक्चर हाल, आडिटोरियम, पार्किंग, फूड कोर्ट, रजिस्ट्रेशन स्थल, उद्घाटन स्थल आदि का मुआयना किया और व्यवस्था देखी।
जनवरी 2024 में आयोजित होने वाले वार्षिक सत्र में विज्ञान की 11 विभिन्न शाखाओं के समानांतर सत्र चलेंगें। प्रत्येक सत्र में लगभग 400 शोध पत्र ओरल तथा पोस्टर सेशन में शामिल होने की उम्मीद है। इसके साथ ही जनजातीय विकास, कृषि, बाल विज्ञान, महिला विज्ञान कांग्रेस सहित तीन अन्य समानांतर सत्र होंगे। इसके साथ ही विशाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।
लखनऊ विश्वविद्यालय कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने बताया कि इतने बड़े स्तर के शैक्षणिक कार्यक्रम के लिए काफी तैयारियों की आवश्यकता होती है, जिसके लिए अलग-अलग टीम गठित की जा रही हैं। प्रत्येक टीम में शिक्षकों के साथ स्टूडेंट वालंटियर भी होंगे तथा आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी की हैं।
उपेन्द्र
