Saturday, March 14, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयभारतीय मूल के अजय बंगा निर्विरोध बनेंगे विश्व बैंक अध्यक्ष, किसी और...

भारतीय मूल के अजय बंगा निर्विरोध बनेंगे विश्व बैंक अध्यक्ष, किसी और ने नहीं कराया नामांकन

-पुणे में जन्मे बंगा को 2016 में भारत सरकार ने किया था पद्मश्री से सम्मानित

वाशिंगटन (हि.स.)। भारतीय मूल के अजयपाल सिंह बंगा का निर्विरोध विश्व बैंक का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। इस पद के लिए किसी और द्वारा नामांकन नहीं कराया है।

विश्व बैंक के मौजूदा अध्यक्ष डेविड मलपास वर्ष 2019 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नामित किये गए थे। उस समय मलपास का चयन भी निर्विरोध ही हुआ था। मलपास ने एक साल पहले पद छोड़ने की योजना का एलान किया था। इसके बाद पिछले महीने भारतीय मूल के अजय पाल सिंह बंगा के नाम का प्रस्ताव मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने किया। भारत ने भी अजयपाल सिंह बंगा की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

फरवरी के अंत में इस पद के लिए नामांकन शुरू हुए थे। विश्व बैंक के नियमों के अनुसार सदस्य देश एक समयावधि तक नामांकन करा सकते हैं। बुधवार को नामांकन की अंतिम तिथि तक सिर्फ अजयपाल सिंह बंगा का ही नामांकन हुआ है। ऐसे में अब बंगा का निर्विरोध विश्व बैंक का अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।

अजयपाल सिंह बंगा को वर्ष 2016 को भारत सरकार पद्मश्री सम्मान से सम्मानित कर चुकी है। पुणे में जन्मे बंगा ने शिमला में प्राथमिक स्तर की पढ़ाई की है। सैन्य अधिकारी के पुत्र बंगा ने दिल्ली के सेंट स्टीफंस से स्नातक और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद से प्रबंध परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। नेस्ले से करियर की शुरुआत करने वाले बंगा मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ व अध्यक्ष रहने के अलावा पेप्सिको में भी काम कर चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्हें इंटरनेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स का अध्यक्ष चुना गया था।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular