लखनऊ (हि.स.)। भारतीय मजदूर संघ ने अपने 35 सूत्रीय मांगों को लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से उनके आवास पर मुलाकात की। मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने जल्द समाधान के लिए ऊर्जा मंत्री से आग्रह किया। मंत्री ने संघ पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि कारपोरेशन से वार्ता कर जल्द ही ऊर्जा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
संघ के महामंत्री शशिकांत श्रीवास्तव ने कहा कि ऊर्जा मंत्री द्वारा संघ द्वारा प्रेषित 35 सूत्रीय मांग पत्र पर शीघ्र ही कारपोरेशन प्रशासन स्तर पर वार्ता निर्धारित करने हेतु अनुमोदन देते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का पूर्ण आश्वासन दिया गया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद घिल्डियाल ने बताया कि हमारे संगठन द्वारा जहां एक और कर्मचारियों की समस्याओं के निदान की मंत्री से अपेक्षा की गई। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर में आमूल-चूल परिवर्तन कर कारपोरेशन के बढ़ते हुए राजस्व घाटे को दूर करने व उपभोक्ताओं को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति वितरण पारेषण में सुधार हेतु कुछ बिंदुओं पर भी ऊर्जा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया।
उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री द्वारा स्पष्ट रूप से कहा गया कि भारतीय मजदूर संघ से सम्बंधित उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर संघ राष्ट्र हित उद्योग हित, श्रमिक हित में काम करने वाला संगठन है। इस कारण सुझाव पर विद्युत प्रशासन अति शीघ्र वार्ता कर सकारात्मक कार्रवाई करेगा। सोमवार को हुई वार्ता में प्रमुख रूप से राजेंद्र सिंह, प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री डी सी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश विद्युत मजदूर महासंघ धर्मेंद्र कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष पांडे, प्रदेश मंत्री मोहम्मद इलियास, प्रदेश संगठन मंत्री धुरंधर शर्मा, प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
उपेन्द्र
