वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश के पूर्व नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गुरुवार को वाराणसी में थे। निजी दौरे पर आये आशुतोष टंडन ने सर्किट हाउस में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठनात्मक चर्चा के बाद बूथ स्तरीय तैयारियोें की भी जानकारी ली। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत कर नूपुर शर्मा के बयान पर भी अपना नजरिया रखा। उन्होंने कहा कि भारत संविधान से चलने वाला देश है। यहां सभी धर्मों का सम्मान होता है। भारतीय जनता पार्टी सर्व धर्म समभाव का आचरण करती है और हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। कहीं भी कोई अप्रिय स्थिति न आने पाए, हम इसका पूरा प्रयास करते हैं। एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में प्रदेश सरकार अराजकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रदेश की सरकार ज़ीरो टालरेंस नीति पर चल रही है। महान दल के सपा गठबंधन से अलग होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह गठबंधन अस्वाभाविक था। भाजपा चुनाव में जीत न पाए,इसलिए यह गठबंधन सपा ने किया था। कोई कॉमन प्रोग्राम भी दलों का नहीं था ऐसे में यह हस्र तो होना ही था।
श्रीधर
