Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभारतीय अवाम पार्टी ने पीएफआई का पुतला फूंका, बोले-आजीवन संगठन पर प्रतिबंध...

भारतीय अवाम पार्टी ने पीएफआई का पुतला फूंका, बोले-आजीवन संगठन पर प्रतिबंध लगे

-समर्थकों की सारी संपत्ति जब्त कर जेल में ठूंसा जाए, देश के अंदर हिंसा और नफरत फैलाना चाहती है पीएफआई

वाराणसी(हि.स.)। वो खूनी खेल खेले तो हम चुप रहें। वो मुल्क की बर्बादी का नारा लगाए तो हम चुप रहें, वो देश तोड़ने की साजिश को अंजाम दे तो हम चुप रहें। अब चुप्पी टूटेगी और देश के गद्दारों के खिलाफ अवाम सड़कों पर उतरेगी। बुधवार को मुंशी प्रेमचन्द स्मृति द्वार लमही में पीएफआई के खिलाफ मोर्चा खोल ये नारा भारतीय अवाम पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीएफआई के खिलाफ जमकर नारेबाजी के बाद उसका प्रतीक पुतला फूंक आक्रोश जताया। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के महान आदर्शों पर चलने वाली अवाम पार्टी ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी कीमत पर देश के साथ न समझौता करेंगे और न ही करने देंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नजमा परवीन ने कहा कि भारत विरोधी ताकतें भारत को तोड़ना चाहती हैं और जब भी सरकार इनके खिलाफ कार्रवाई करती है तो ये मुसलमान की खोल में छुप जाते हैं और संविधान की दुहाई देते हैं। पीएफआई देश विरोधी संगठन है। इस पर तुरन्त लगाम लगाई जाए और इसके कार्यकर्त्ताओं की संपत्ति जब्त कर जेल में डाला जाए। पीएफआई मुस्लिम नौजवानों के मन में नफरत का बीज बो रही है। देश के हर हिस्से में संगठित और प्रशिक्षित आतंकी पैदा करना चाहती है। राष्ट्रवादी नेता इनके निशाने पर हैं। देशभक्त मुसलमानों को डराकर उनकी आवाज बंद करना चाहते हैं।

नजमा ने कहा कि पीएफआई देश के लिए खतरा बन चुका है। हर सुभाषवादी पीएफआई जैसे संगठनों की हर जगह मुखालफत करेगा और इनको मुंह तोड़ जबाव देगा। नजमा परवीन ने कहा कि मुसलमान सावधान रहें, पीएफआई का विरोध करें, नहीं तो इनके गुनाहों को मुसलमानों के सर पर मढ़ दिया जाएगा। देश के गद्दारों को लोग कभी क्षमा नहीं करते। आज वक्त है भारतीय मुसलमान अपने मुल्क के विरोधियों का मुंह तोड़ जबाव दे। भारत सरकार से मांग करते हैं कि पीएफआई पर केवल 5 साल का नहीं बल्कि आजीवन प्रतिबंध लगे। पुतला दहन में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश,महासचिव अजय सिंह,अफसर बाबा, मो० अजहरुद्दीन, मुस्ताक अहमद आदि शामिल रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular