– उपमुख्यमंत्री ने किया अस्पताल का निरीक्षण, दिये निर्देश
फिरोजाबाद (हि.स.)। प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपने दो दिवसीय दौरे पर फिरोजाबाद पहुंचे। जहां दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन आवासों व सरकारी ट्रामा सेंटर एवं पंचायत घर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कमियों में सुधार के निर्देश दिये। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा प्रचण्ड बहुमत से जीत हासिल करेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपने दो दिवसीय दौरे को लेकर शुक्रवार को फिरोजाबाद पहुंचे। जहां शुक्रवार को उन्होंने भाजपा कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों व पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद शनिवार को सबसे पहले उन्होंने कलैक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में नवनिर्मित पुलिस के आवासों का निरीक्षण किया। वहां से वह फिरोजाबाद के सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी पहुंचे। यहां उपमुख्यमंत्री ने भर्ती मरीजों से बात कर उनका हाल जाना।
उन्होंने मरीजों से मिलने वाली दवाओं व सुविधाओं की जानकारी ली तथा कमियां मिलने पर स्वास्थ विभाग के अधिकारियों केा दिशा निर्देश भी दिये। इसके बाद उपमुख्यमंत्री उसायनी स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय पहुंचे और वहां का निरीक्षण किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री मीडिया से भी रूबरू हुये। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि जनसुविधाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ जरूरतमंदों तक पहुचे। इसके साथ ही प्रत्येक मरीज को मुफ्त उपचार उपलब्ध हो, अस्पताल में दवाई मिले ऐसी व्यवस्था की जाये। जो भी कमियां है उन्हें चिन्हित कर दूर किया जाये।
उन्होंने कहा कि हम मौके पर जाकर मरीजों व उनके परिजनों से मिल रहे है जो भी कमियां मिल रही है उन्हें दूर किया जा रहा है। 2024 के चुनाव की सरगर्मियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बहुत तेजी के साथ आगे बढ़ रही है। हमारा जनाधार बढ़ रहा है। गरीब कल्याण की योजनायें जन-जन तक पहुंच रही है। लोगों का भरोसा भाजपा पर बढ़ा है। 2024 में हम प्रदेश की सभी सीटों पर विजय प्रचण्ड बहुमत से प्राप्त करेंगे और दोबारा मोदी के नेतृत्व में सरकार बनायेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रवि रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, भाजपा जिला संयोजक वृंदावन लाल गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार आदि मौजूद रहें।
कौशल
