-संगठन के विचार और सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ विपक्ष को घेरेगा पार्टी का विभाग
लखनऊ (हि.स.)। विधानसभा चुनाव में राजधानी से लेकर कस्बों तक भाजपा की बात और आवाज दमदारी से पहुंचेगी। पार्टी का मीडिया विभाग इसका खाका बनाने में जुट गया है। प्रबंधन व प्रशिक्षण के जरिए जमीनी तैयारी मजबूत करने पर पार्टी की नजर है। ताकि संगठन की बात पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के आरोपों को भी खारिज किया जा सके। इसके लिए भाजपा सभी 1918 संगठनात्मक मंडल तक मीडिया विभाग का ढांचा और सशक्त बनाएगी।
भाजपा ने अपने सभी सांगठनिक 1918 मंडलों में प्रभारी नियुक्त करने के बाद उनका संवाद व समन्वय सशक्त करने के लिए वृहद प्रशिक्षण सत्रों की कार्ययोजना बनाई गई है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी, सह-प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में प्रवास कर मीडिया टीम के साथ बैठकें करेंगे। विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मीडिया प्रबंधन की बारिकियां बताकर नीचे स्तर पर पार्टी के मीडिया विभाग से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे।
पार्टी की प्रदेश मीडिया कार्यशाला 13 सितंबर को लखनऊ में संपन्न हुई थी जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल, केंद्रीय मीडिया टीम से राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रमुख संजय मयूख, राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, जफर इस्लाम, केके शर्मा शामिल हुए थे। प्रदेश और राष्ट्रीय नेताओं ने विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए निचले स्तर तक पार्टी के मीडिया प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर दिया था। कार्यशाला में प्रदेश क्षेत्र की मीडिया टीम व जिला मीडिया प्रभारी सम्मिलित हुए थे। प्रदेश स्तर पर हुई कार्यशाला में तय कार्य योजना के अनुसार अब पार्टी जिला स्तर पर भी मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगी।
