Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा स्नेह यात्रा न कर रोजगार, महंगाई और किसान यात्रा करे :...

भाजपा स्नेह यात्रा न कर रोजगार, महंगाई और किसान यात्रा करे : अनिल शास्त्री

प्रयागराज (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल शास्त्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को स्नेह यात्रा की जगह रोजगार, महंगाई और किसान यात्रा आयोजित करने की सलाह दी है।

दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंचे शास्त्री ने कांग्रेसजनों से भेंट के दौरान कहा कि राहुल गांधी की छवि को धक्का पहुंचाने को लेकर पहले ईडी फिर फेक वीडियो की नफरती सोच की लोग सर्वत्र निंदा कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि फेक न्यूज का लंबे अरसे तक असर रहता है। मोदी के आलू से सोना वाले बयान को आज भी राहुल से जोड़ा जाता है। कहा कि दुष्प्रचार और झूठ ही आरएसएस और भाजपा का आाधार है। अग्निपथ योजना को राष्ट्र की गरिमा का उल्लंघन बताते शास्त्री ने कहा कि बेरोजगार युवाओं की चार वर्षों की नियुक्ति देश के भविष्य एवं सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। सरकार को इसे वापस लेना ही होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की राष्ट्रीय एकता, सदभाव और संस्थाओं को नष्ट करने का एजेंडा तेजी से जारी है। यह भी जोड़ा कि कांग्रेस देश में व्याप्त राजनीतिक निरंकुशता के खिलाफ करोड़ों देशवासियों की आशाओं तथा जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग और जागरूक है। तत्पश्चात् शास्त्री मांडा स्थित शास्त्री पॉलिटेक्निक में पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री की अगले माह प्रतिमा अनावरण की तैयारी बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हो गये। इस दौरान शहर अध्यक्ष प्रदीप अंशुमन, राज्य समिति के सदस्य किशोर वार्ष्णेय, फुजैल हाशमी, अशोक सिंह, हरिकेश त्रिपाठी, अजय श्रीवास्तव, अजय मिश्रा, परवेज अहमद सिद्दीकी, प्रदीप द्विवेदी, भोले सिंह, अनिल श्रीवास्तव, जावेद उर्फी, इंद्रेश मिश्रा, अरुण चौरसिया, केशव पासी, कामेश्वर सोनकर आदि उपस्थित थे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular