Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा सिर्फ हिंदू धर्म का इस्तेमाल करती है,इनकी धर्म में आस्था ही...

भाजपा सिर्फ हिंदू धर्म का इस्तेमाल करती है,इनकी धर्म में आस्था ही नहीं : उदित राज

-संजय निषाद के विवादास्पद बयान के बहाने कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद डॉ. उदित राज ने भाजपा के सहयोगी निषाद दल के नेता डॉ. संजय निषाद के विवादास्पद बयान के बहाने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

डॉ उदित राज ने तंज कसते हुए कहा कि ये सिर्फ हिंदू धर्म का इस्तेमाल करते हैं। इनकी धर्म में कोई आस्था ही नहीं है। उदित राज यहां मीडिया कर्मियों से मुखातिब थे। कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार से संजय निषाद के भगवान राम पर दिये गये विवादास्पद बयान पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले हर-हर महादेव की जगह हर-हर मोदी का नारा लगवाया था। अब संजय निषाद का बयान,वोट बैंक न बिगड़े इसलिए निषाद के खिलाफ कोई एक्शन सरकार नहीं ले रही है।

केन्द्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार खेती ही है। किसानों के हित में सबकों खड़ा रहना चाहिए। आज हमारी प्रति व्यक्ति आय बांग्लादेश जैसे देश से भी कम है। भुखमरी के मामले में भी बांग्लादेश से खराब हाल है। यह सब भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुआ है। इस देश को कांग्रेस ने कहां पहुंचाया था। भाजपा किधर ले जा रही है।

डॉ. उदित ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक दलित उत्पीड़न हो रहा है। आज युवाओं के पास रोजगार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धर्म को सामने लाकर वास्तविकता पर पर्दा डालने का कार्य कर रहे हैं। एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि यूपी में बसपा कमजोर हुई है। ये पार्टी बहुजनों की नहीं रह गई है। दलितों को जो कुछ दिया है, वह सिर्फ कांग्रेस ने दिया है और यह बात लोगों की समझ में आ रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश में महिलाओं को टिकट देने में जिस तरह से वरीयता और आरक्षण देने की बात कही है। उनकी बड़ी सोच है। महिलाएं सशक्त होंगी तभी देश सशक्त होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular