लखनऊ(हि.स.)। इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र से भाजपा की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया। मयंक जोशी शनिवार को आजमगढ़ में सपा की रैली में मंच पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नजर आए। अखिलेश ने मंच से मयंक जोशी के सपा में शामिल होने की घोषणा की।
लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट नहीं मिलने से नाराज मयंक जोशी के सपा में जाने की अटकलें लगायी जा रही थीं। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए 23 फरवरी को लखनऊ में हुए मतदान से एक दिन पहले मयंक जोशी ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे जल्द ही सपा में शामिल होंगे, लेकिन इस मुलाकात के बाद खुद मयंक जोशी ने इसका खंडन किया था। मयंक जोशी ने अखिलेश से मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया था।
बृजनन्दन
