आरोप,टीएफसी बना भाजपाकरण का अड्डा, गृहमंत्री के कार्यक्रम पर सवाल
वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस ने बड़ालालपुर स्थित पं.दीन दयाल हस्तकला संकुल (ट्रेड फैसिलिटी सेंटर) को लेकर केन्द्र और प्रदेश सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय राय ने रविवार को कहा कि काशी के ताना-बाना के नाम पर बना टीएफसी का भाजपाकरण हो रहा है।
संकुल में 12 नवम्बर को गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम पर सवाल उठा पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि वहां गृहमंत्री कोई सरकारी कार्यक्रम नही बल्कि भाजपा संगठन की बैठक करेंगे। यह पहला वाक्या नही है जब ऐसा हो रहा है करीब कई बार सरकारी सम्पतियों का भाजपाकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीएचयू,बरेका का भी यही हाल है सरकारी संस्थानों का लगातार दुरुपयोग जारी है। ट्रेड फैसिलिटी सेंटर के नाम पर जनता से झूठ बोला गया की काशी का ताना-बाना झलकेगा, साथ ही पूर्वांचल भर के हैंडलूम उत्पादों की चमक पूरी दुनिया के लिए आकर्षण बनेगी। यहां एक ही छत के नीचे न केवल बुनकर शिल्पी अपने उत्पाद की प्रदर्शनी लगा सकेंगे। बल्कि क्रेता-विक्रेता के बीच सीधा व्यापार होगा। इस केंद्र के जरिए आसपास के राज्यों के शिल्पियों, बुनकरों को भी लाभ पहुंचेगा। विश्व प्रसिद्ध बनारसी सिल्क और हथकरघा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।लेकिन आज की स्थिति क्या है। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र की स्थिति अति दयनीय है। लघु उद्योग समाप्ति की ओर है,बुनकर सड़कों पर है।ताना-बाना अब सिर्फ पोस्टर व भजापा के मार्केटिंग का हिस्सा बन के रह गया है।बनारसी उद्योग पर संकट गहरा गया है । हथकरघा के नाम पर बड़े -बड़े वादे करने वाली सरकार शून्य है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आस-पास के जिलों में लाभ की बात छोड़िये,स्वयं बनारस का हाल बदहाल है। बड़े-बड़े झूठे वादे,जुमलेबाजी के तले जनता जीने को मजबूर है। ट्रेड फैसिलिटी सेंटर जिस कारण से बना उसका लाभ किसे कितना मिला उसकी समीक्षा अगर गृहमंत्री करते तो बात समझ मे आती। ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में भाजपा संगठन का कार्यक्रम निंदनीय है । कांग्रेस पार्टी गृहमंत्री के टीएफसी में होने वाले कार्यक्रम में रोष जताती है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के छल-प्रपंच-झूठ-जुमला से वाकिफ हो चुकी है इस बार 2022 में प्रदेश से विदाई तय है।
