Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा सरकार में व्यापारियों की टूट चुकी है कमर, असुरक्षित है व्यापारी

भाजपा सरकार में व्यापारियों की टूट चुकी है कमर, असुरक्षित है व्यापारी

कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के नजदीक आते ही कांग्रेस सभी वर्गों को अपने पाले में करने को लेकर जुट गई है। इन दिनों महंगाई को लेकर कांग्रेस जनता के बीच पैठ बना रही है और इसी कड़ी में शुक्रवार को कानपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ के बैनर तले कांग्रेसियों ने सरकार पर तंज कसा। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारी पूरी तरह से असुरक्षित है और सरकार के तमाम फैसलों से व्यापारियों की कमर टूट चुकी है।

महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने भी अब मौजूदा सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ ने वर्तमान में व्यापारियों और व्यापार की बेहद विषम परिस्थिति के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। बड़ा चौराहा स्थित मुरारीलाल रोहतगी प्रतिमा स्थल के पास सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसियों ने इकट्ठा होकर महंगाई के खिलाफ और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी कर विरोध व्यक्त किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस उद्योग व्यापर प्रकोष्ठ के चेयरमैन पवन गुप्ता ने बताया कि जीएसटी, नोटबंदी, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के साथ-साथ व्यापारियों को पेपरलेस जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। तो वहीं अब व्यापारियों पर लगातार अपहरण और हत्याओं की घटनाएं भी सामने आ रही है। व्यापारी सबसे ज्यादा कर देता है और इसे देश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ कहा जाता है, पर आज का व्यापारी पूरी तरीके से असुरक्षित है। प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ काशीवार ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में व्यापारी पूरी तरह से कांग्रेस के साथ खड़ा होकर अहंकारी सरकार को सबक सिखाने का काम करेगा।

महमूद

RELATED ARTICLES

Most Popular