-भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर बोलीं मुलायम सिंह यादव की बहू
-कहा-पिछले पांच वर्षों में 47 हजार से ज्यादा भूमाफिया और गुंडे गए जेल
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता व मुलायम सिंह यादव की छोटू बहू ने कहा कि 2017 में उप्र खतरे में था, तब बदलाव हुआ। जनता ने भाजपा को जिताया तो असली बदलाव आया। यह इसलिए कह सकती हूं क्योंकि हमारे पास संकल्प और अच्छी नीयत दोनों थी। पिछले पांच साल में एक भी घोटाला नहीं हुआ। भाजपा शासन के पांच साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। 47 हजार से ज्यादा भूमाफिया और गुंडे जेल में हैं। दो हजार करोड़ की अवैध संपत्तियो पर बुलडोजर चला है।
भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि युवाओं, नौजवानों को बिना सिफारिश नौकरी मिली, आज यूपी में 59 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। हर गरीब को आयुष्मान का स्वास्थ्य रक्षा कवच मिला है। पांच साल में 43 लाख लोगों को पक्का घर मिला है। दो करोड़ 50 लाख लोगों को शौचालय और दो करोड़ गैस कनेक्शन उप्र के लोगों को मिला है। 15 करोड़ लोगों को डबल राशन मुफ्त मिल रहा है। 1.41 करोड़ लोगों को बिजली कनेक्शन मिला है।
अपर्णा यादव ने कहा कि सबसे बड़ी बात तो यह है कि अब प्रदेश में बहू-बेटियों को डर नहीं लगता, क्योंकि यहां भाजपा की सरकार है। अपराधी पलायन कर गए हैं। गुंडाराज, भ्रष्टाचार, दंगाराज से मुक्त प्रदेश भाजपा की सरकार में बना है। कांग्रेस के टिकट पर केवल यूपी में ही लड़की लड़ सकती है। प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अन्य राज्यों की कांग्रेस में ही दम तोड़ चुका है। पंजाब में कांग्रेस की महिला अध्यक्ष भी अब सवाल उठा रही हैं। वहां महिला कांग्रेस की 12 कार्यकर्ताओं ने टिकट मांगा था। एक को भी नहीं मिला। प्रियंका जी आप कैसे लड़की को लड़वाएंगी।
अखिलेश यादव के खिलाफ करहल से चुनाव लड़ने के सवाल पर अपर्णा ने कहा कि भाजपा में सोच-विचार करने वाले बहुत से योग्य नेता हैं। यहां टीम काम करती है। किसको कहां से चुनाव लड़ना है, यह तय करना पार्टी नेतृत्व का कार्य है।
दिलीप शुक्ला
