Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा सरकार बनने के बाद ऊर्जा क्षेत्र में हुआ अभूतपूर्व परिवर्तन: सोमेंद्र...

भाजपा सरकार बनने के बाद ऊर्जा क्षेत्र में हुआ अभूतपूर्व परिवर्तन: सोमेंद्र तोमर

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा राज्यमंत्री डाॅ. सोमेंद्र तोमर ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद ऊर्जा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुआ है। प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों से लेकर गांव-गांव तक बिजली पहुंची है। शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है।

डॉ. तोमर यहां सर्किट हाउस में मीडियाकर्मियों से रूबरू थे। उन्होंने बताया कि 12 से 19 सितंबर तक पूरे प्रदेश में विद्युत समाधान दिवस का आयोजन किया जा रहा है। सभी अधिकारी समय से अपने दफ्तर पहुंच रहे हैं। समाधान दिवस में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। पहले की सरकारों में उपभोक्ताओं को बिजली समस्या के समाधान के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिजली में खराबी आने पर 24 घंटे के भीतर ठीक किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर की समस्या को दूर करने के लिए इसे अपग्रेड भी किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि हम लोग दिखावे के लिए कोई काम नहीं करते हैं। हम लोग जनता की संतुष्टि के लिए काम करते हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश से बाहर। उत्तर प्रदेश में किसी अपराधी को नहीं छोड़ा जाएगा। लखनऊ में सपा विधायकों के धरना प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सबको अपनी बात कहने का हक है। दबाव बनाने की राजनीत काम नहीं आने वाली। दोषियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ’भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़े सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह बड़े नेता हैं। मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहता। देश के लोग जानते हैं कि देश में कांग्रेस ने लंबे समय तक राज किया है। कांग्रेस ने अपने राज में देश जोड़ा है या तोड़ा है, यह जनता अच्छी तरह से जानती है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular