-अखिलेश ने कहा, भाजपा ने गरीबों के पैसे से अमीरों की तिजोरी भरा
मथुरा/अलीगढ़ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने कहा था किसानों की आय दोगुनी कर देंगे लेकिन किसी भी किसान की आय दोगुनी नहीं हुई। अगर सभी संस्थाएं बिक जाएंगी तो बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के द्वारा दिए गए सम्मान का क्या होगा ? जितने भी बड़े-बड़े कारखाने थे वह बेच दिए। इस सरकार का नाम फेंकू ही नहीं, बेचू सरकार भी है। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मथुरा व अलीगढ़ की आरएलडी व समाजवादी पार्टी की संयुक्त जनसभा व प्रेसवार्ता में कही।
अलीगढ़ में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने गरीबों की जेब से पैसा निकालकर अमीरों की तिजोरी भरने का काम किया है। जबसे साइकिल और हैंडपम्प साथ आए है भाजपा का दरवाजा बंद हो गया है। अलीगढ़ के लोग ताला लगा देंगे। सपा-आरएलडी के जितने भी प्रत्याशी हैं साइकिल और हैंडपंप को याद रखना। जहां साइकिल है वहां हैंड पंप वाले मदद करें जहां हैंडपंप है वहां साइकिल वाले मदद करें।
अखिलेश यादव ने कहा कि अलीगढ़ ये जो सड़कों पर एंबुलेंस दिखाई देती है यह समाजवादियों की देन है। जब से बाबा मुख्यमंत्री ने डायल 100 को डायल 112 कर दिया है तब से पुलिस कबाड़ा हो गई है। बाबा सीएम ने पुलिस को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों को शहीद कर दिया, इन्होंने कोई मदद नहीं की। सपा ने तय किया है कि सरकार बनने पर शहीद किसानों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का काम करेंगे।
कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग जो भी बोल रहे हैं वह घबराकर बोल रहे हैं। यह घबराकर इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि साइकिल और हैंडपंप साथ आ गए हैं। अब इनका सफाया होना तय है। भारतीय जनता पार्टी के लोग जानते हैं कि अगर हम लैपटॉप बांट सकते हैं तो हम 22 लाख नौकरी भी दे सकते हैं।
लैपटॉप आज के जमाने की जरूरत बन गई है बड़े-बड़े कारोबार उद्योग और कारखाने इसी से चल रहे हैं। हमारे बाबा मुख्यमंत्री लैपटॉप इसलिए नहीं बांटते हैं, क्योंकि उन्हें लैपटॉप चलाना नहीं आता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पढ़ाई के लिए बच्चों को लैपटॉप दिए थे अगर लोगों के पास लैपटॉप होगा तो वह आज भी चल रहा होगा। जब उसको आप ऑन करते होंगे तो नेताजी और हम ही लोग आपको दिखाई देते होंगे।बिजली का कारखाना समाजवादी पार्टी ने लगाया। बाबा मुख्यमंत्री बिजली के कारखाने का नाम नहीं ले पाते हैं। भारतीय जनता पार्टी का संविधान पर भरोसा नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के लोग झांसा देने वाले लोग हैं। इनका जितना बड़ा नेता है उतना बड़ा झूठ बोल रहा है।
उपेन्द्र
