लखनऊ (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मुख्यमंत्री योगी के हिन्दू राष्ट्र वाले बयान पर पलटवार किया है।
मायावती ने शुक्रवार को अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट कर उन्होंने कहा कि देश के अति-मानवतावादी संविधान पर गर्व व उस पर निष्ठापूर्वक अमल करके जनकल्याण करने के बजाए भाजपा का यूपी निकाय चुनाव से पूर्व इसके हिन्दू राष्ट्र होने सम्बंधी बयान बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई आदि की भीषण समस्याओं व सरकारी विफलताओं से लोगों का ध्यान बांटने का छल/छलावा करने वाला है।
उन्होंने आगे कहा कि संविधान की शपथ लेकर उच्च संवैधानिक पद पर बैठने वाले लोगों को ऐसी घोर स्वार्थ की राजनीति शोभा नहीं देती। जो सरकार संविधान के मान-मर्यादा की परवाह न करके अपने शपथ का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन करे उस राज में जनहित व जनसंतोष कैसे संभव? चुनावी स्वार्थ की अति राजनीति घातक होती है।
मायावती ने इस बीच, यूपी में बीएसपी को हर स्तर पर मजबूत करने तथा पार्टी के जनाधार को शहर-शहर व गांव-गांव में बढ़ाने के साथ ही यहां स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी आदि के सम्बंध में पिछले कई दिनों से हो रही कुछ मण्डलों की समीक्षा बैठकों में कमियों को दूर करने के जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
विदित हो कि हिन्दू राष्ट्र वाला यह बयान मुख्यमंत्री योगी ने एक चैनल के शिखर सम्मेलन में दिया था। जिसके बाद इस पर सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है।
दीपक
