Friday, March 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा सरकार के साढ़े चार साल निराशा भरे व डरावने रहे :...

भाजपा सरकार के साढ़े चार साल निराशा भरे व डरावने रहे : अखिलेश यादव

-सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, भाजपा ने पेश किया 16 पेज का 16 आने झूठ

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा सरकार के साढ़े चार साल निराशा भरे और डरावने रहे हैं। यह एक नान स्टार्टिंग सरकार है, जबकि इसमें डबल इंजन लगा है। सिकयार्ड में खड़े इस भाजपाई इंजन की आवाज भी किसी को सुनाई नहीं पड़ रही है। ये बातें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही।

भाजपा सरकार के सत्ता में अब केवल छह महीने बचे हैं। अब तक एक भी वादा पूरा न करने वाली और सिर्फ सरकारी विज्ञापनों के खम्भों पर टिकी भाजपा सरकार चुनावी रणनीति के तहत लोक लुभावन सौगातें परोसने में लग गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने आज 16 पेज के 16 आने झूठ की पुस्तिका बंटवाई है।

उन्होंने कहा कि अभी तक तो भाजपा सरकार के पास बताने के लिए एक भी उपलब्धि नहीं है, क्योंकि उन्होंने कोई काम नहीं किया सिर्फ समाजवादी सरकार के कामों पर ही अपने नाम की पट्टी लगाई है और नाम ही बदले हैं। एक भी ऐसा कोई काम नहीं जिसका शिलान्यास करने के बाद उन्होंने उद्घाटन भी किया हो। हां भाजपा सरकार में एक काम बड़ी चतुराई से हुआ है और वह है बजट खुर्द-बुर्द करना। जनहित में गिनाने लायक एक भी योजना नहीं। हां एक काम के लिए मुख्यमंत्री जी को याद कर सकते हैं कि उन्होंने जनता के सपनों को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा ने सन् 2017 में जो संकल्प लिए थे, साढ़े चार वर्ष में अपने उस संकल्प पत्र के पन्ने भी पलट कर नहीं देखे।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता को भाजपा धोखे पर धोखा देती रही है। महिलाओं, दलितों, पिछड़ों को अपमानित करना भाजपा का एजेंडा है। कानून व्यवस्था का उसने मजाक बनाकर रख दिया हैं लोकतंत्र के साथ छल करके भाजपा संविधान के मूलाधार पर ही प्रहार कर रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसान, गरीब, महिला, युवा पर अत्याचार, बेरोजगारी, मंहगाई बेलगाम, वादा खिलाफी और बढ़ता हुआ भ्रष्टाचार इस सबसे त्रस्त और आक्रोशित सभी वर्ग अब भाजपा से पिंड छुड़ाना चाह रहे हैं। जनता को अब नफरत और ठप्प कारोबार के सौदागरों में कोई आकर्षण नहीं रह गया है। जुमलेबाज भाजपा सरकार के दिन अब बीत गए हैं। सन् 2022 में समाजवादी पार्टी प्रदेश में सत्तारूढ़ होकर कल्याणकारी राज्य की अवधाराणा को पूरा करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular