Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश भाजपा सरकार की कार्यशैली ने उप्र में कानून व्यवस्था को बर्बाद किया:...

 भाजपा सरकार की कार्यशैली ने उप्र में कानून व्यवस्था को बर्बाद किया: अखिलेश यादव

लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। इस सरकार ने आम जनता का भरोसा खो दिया है। सरकार की कार्यशैली ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी की ओर से जारी पत्र में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी पहले कभी इतना बेखौफ नहीं थे। भाजपा राज में दिनदहाड़े सड़क पर हत्याएं हो रही हैं। प्रदेश में अपराध ही अपराध है। हर वर्ग डरा और सहमा हुआ है। खुद भाजपा नेता अब मानने लगे हैँ कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। मुख्यमंत्री पता नहीं सच को झूठ बनाने में क्यों लगे रहते हैं?

जालौन के एट थाना क्षेत्र में परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्नाव में जेल से छूटते ही बलात्कारियों ने रेप पीड़िता के घर को तोड़ा और फिर जला दिया, पीड़िता के साथ -साथ उसकी सात माह की बच्ची भी झुलस गई। प्रदेश में कहीं छात्राओं के साथ छेड़खानी तो कहीं, बलात्कार और कहीं हत्या की खबरें हर दिन देखने को मिल रही हैं। महिलाओं और बच्चियों पर अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश देश में टॉप पर है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। पुलिस प्रशासन की कार्य प्रणाली संदिग्ध है। जनता का पुलिस पर भरोसा नहीं है। भाजपा सरकार में लोगों ने न्याय की उम्मीद छोड़ दी है। सत्ता संरक्षित गुंडों और अपराधियों के सामने पुलिस नतमस्तक है। जनता भाजपा के जंगलराज से परेशान हो चुकी है। छल-बल- धन और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के जरिए सत्ता में काबिज हुई भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता और आम आदमी की कोई चिंता नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए उत्तर प्रदेश की जनता को एकजुट होकर भाजपा को हराना होगा, तभी उत्तर प्रदेश में दोबारा से लोकतंत्र, संविधान, न्याय और कानून व्यवस्था की पुनर्स्थापना हो सकती है।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular