लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को अपने अमीर दोस्तों को सौंपने की तैयारी में है।
लीज पर देकर लोन लेने के घोटाले से सरकार जिन लोगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रही है, वे मनमाना टोल वसूल कर जनता का शोषण ही करेंगे। उन्होंने कहा कि वैसे भी भाजपा सरकार जबसे बनी है उसने गरीबों, दलितों, पिछड़ों के हितों की अनदेखी ही की है।
उन्होंने ने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में फोरलेन सड़कों से मुख्यालय को जोड़ने के साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी शानदार सड़क भी बनाई थी, जिस पर वायुसेना के युद्धक विमान और भारवाहक जहाज हरक्यूलिस भी उतरा था। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की प्रारम्भिक तैयारियां हो चुकी थी और उसका शिलान्यास भी समाजवादी सरकार में हो चुका था। कई अन्य हाई-वे भी बनने थे। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पुरानी सड़कों को ही नया नाम देकर जनता की आंख में धूल झोंकने का काम किया है।
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार के विकास कार्यों के प्रति भाजपा दुराग्रहपूर्ण रवैया अपना रही है। जनहित की जो तमाम योजनाएं समाजवादी सरकार ने शुरू की थीं या उनकी परियोजनाएं बना ली थी, उन्हीं को भाजपा अपना बताकर झुठलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि समझ में नहीं आता है कि यह भाजपा सरकार है या सेल्समैन। सपा सरकार में आने पर भाजपा द्वारा किए जाने वाले महाघोटाले की जांच की जाएगी और दोषियों को दण्डित किया जाएगा। जनता के साथ धोखा करने और पूंजीघरानों को अवैध तरीके से मालामाल बनाने की साजिशों का भंडाफोड़ अवश्य होगा।
भाजपा सरकार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को अपने अमीर दोस्तों को सौंपने की तैयारी में : अखिलेश
RELATED ARTICLES
