Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा विधायक अरविंद गिरी का हृदय गति रुकने से निधन

भाजपा विधायक अरविंद गिरी का हृदय गति रुकने से निधन

लखीमपुर खीरी (हि.स.)। भाजपा विधायक अरविंद गिरी का निधन मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे हृदय गति रुक जाने से हो गया। वह लखनऊ एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सीतापुर-लखनऊ हाईवे पर सिधौली के पास उन्हें दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद उन्हें इटौंजा के हिंद मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया। जहां उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर गोला वापस लाया ।

भाजपा विधायक अरविंद गिरी करीब 65 वर्ष के थे। वह तीन बार समाजवादी पार्टी से, तो दो बार भाजपा से विधायक रहे थे। वर्तमान में वे गोला विधानसभा से विधायक थे। एक बैठक के लिए वह सुबह करीब 5:00 बजे गोला से लखनऊ के लिए निकले थे।

बताते हैं कि सिधौली में गाड़ी में बैठे-बैठे ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में इटौंजा के हिंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई। उनकी मृत्यु के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं हम आपको बता दें कि सोमवार को वे सदर विधायक योगेश वर्मा के पिताजी के अंतिम संस्कार में शामिल होने कुंभी ब्लॉक में पहुंचे थे़ जहां वे पूरी तरह से स्वस्थ थे।

राजनीतिक सफर

1993 में वे छात्र राजनीति में शामिल हुए थे, वहीं 1994 में सपा की सदस्यता ग्रहण कर सक्रिय राजनीति शुरू की, 1995 में गोला नगर पालिका अध्यक्ष बने, 1996 में गोला विधानसभा में सपा के टिकट से पहली बार विधायक बने, 2000 में दोबारा नगर पालिका परिषद गोला के अध्यक्ष बने, 2002 में सपा के टिकट पर दूसरी बार विधायक बने, इसके बाद 2007 में तीसरी बार विधायक बने, 2012 और 2017 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट से विधानसभा सीट गोला से विधायक बने।

देवनन्दन

RELATED ARTICLES

Most Popular