– बसपा से पूर्व विधायक जितेन्द्र सिंह व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव पंकज मोहन सहित कई ने थामा भाजपा का दामन
लखनऊ (हि.स.)। कई बसपा व कांग्रेस के नेताओं के साथ ही समाजसेवियों ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने भाजपा की पट्टिका पहनाकर नवागंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा के विचारों से अवगत कराया। इस अवसर पर स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा वंशवाद, क्षेत्रवाद, जातिवाद, परिवारवाद वाली पार्टी नहीं है। दलित, शोषित, वंचित, आदिवासी के उत्थान के लिए दिन-रात काम करने वाली पार्टी है।
भाजपा में शामिल होने वालों में प्रमुख रूप से बसपा से पूर्व विधायक जितेन्द्र कुमार सिंह (अयोध्या), कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष तथा पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पंकज मोहन सोनकर (आजमगढ़), बसपा के पूर्व को-आर्डिनेटर मनोज शर्मा (गाजियाबाद), बसपा से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रवेश सिंह (रायबरेली) के साथ ही सेवानिवृत्त एयर कोमोडोर श्याम शंकर तिवारी तथा समाज सेविका डाॅ बीना लवानियां को भाजपा परिवार में शामिल कराया।
इस अवसर पर स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा की गौरवशाली परम्परा में जनकल्याणकारी योजनाओं व निर्णयों से गरीब, वंचित, शोषित व उपेक्षित वर्ग को सम्मान, न्याय, उनके जीवन की खुशहाली के लिए सत्ता माध्यम है। उन्होंने कहा कि डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने प्रदेश की एकता-अखण्डता तथा राजनैतिक मूल्यों के लिए जीवन का बलिदान दिया। दीनदयाल के अन्त्योदय के मूल में अंतिम पायदान के व्यक्ति के जीवन में समृद्धि के साथ ही शक्तिशाली व समृद्ध राष्ट्र की अवधारणा है और उसी मार्ग पर प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य की सरकारें व भाजपा आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व व मार्गदर्शन में जनकल्याण के लिए सेवा भाव से काम करता है। इसलिए बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता भी एक दिन प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित किसी भी दायित्व पर पहुंच सकता है। उन्होंने आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की रीति-नीति और सिद्धान्त के अनुरूप कार्य करते हुए मोदी-योगी सरकार की नीतियों का लाभ जन-जन तक पहुंचाने और उसका प्रचार-प्रसार करने के लिए योजनापूर्वक कार्य करें।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व सांसद सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे, अभय प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी, सांसद विजय दुबे, विधान परिषद सदस्य ठाकुर जयवीर सिंह, विधायक सुशील सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
