Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा में हो गई नेताओं की कमी, अधिकारी चलायेंगे प्रदेश : अजय...

भाजपा में हो गई नेताओं की कमी, अधिकारी चलायेंगे प्रदेश : अजय लल्लू

-दो दिवसीय वाराणसी प्रवास में आये कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
वाराणसी (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शनिवार को योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पूर्व आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा को एमएलसी प्रत्याशी बनाये जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में अब नेताओं की कमी हो गई है। पूर्व अधिकारी अब प्रदेश को चलायेंगे। 
दो दिवसीय वाराणसी प्रवास में जनपद चंदौली के नियमताबाद पचोखर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि प्रदेश में पहले तीन इंजन की सरकार थी। अब आरके शर्मा के रूप में चौथा इंजन भी लग गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान, नौजवान, गरीब के मुद्दे पर फेल है। जिसकी वजह से उसे ये निर्णय लेना पड़ा। किसानों की जमीन परिवार और बच्चों का भविष्य है। ये जमीन किसानों के हाथ में नहीं रहेगी। सरकार किसानों की जमीन अधिग्रहण कर अंबानी, अडानी और अन्य उद्योगपतियों को सौंप देगी। 
आज से शुरू कोरोना टीकाकरण से जुड़े सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने पहले वैज्ञानिकों और चिकित्सकों को इसके लिए बधाई दी। उन्होंने कोरोना टीकाकरण को लेकर फैले भ्रम का जिक्र कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आगे बढ़कर इस वैक्सीन को लगवाकर भरोसा जीतना चाहिए। लल्लू ने कहा कि विदेशों में कई राष्ट्राध्यक्षों ने पहले खुद टीकाकरण करा कर जनता का विश्वास जीता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का जाना तय है। कांग्रेस मजबूती के साथ सरकार बनायेगी।
वाराणसी में प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत
शनिवार को दो दिवसीय वाराणसी प्रवास पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बड़ागांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बसनी में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राजेश्वर  पटेल, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पाण्डेय, प्रदेश महासचिव विश्व विजय सिंह के अगुवाई में प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी की।

Submitted By: Shreedhar Tripathi Edited By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular