– हादसे से परिजनों में कोहराम, पार्टी ने सभी कार्यक्रम किए रद्द
हमीरपुर (हि.स.)। सुमेरपुर कस्बे की फैक्ट्री एरिया से सीसीटीवी कैमरे लगाकर बाइक से वापस जा रहे दो सगे भाइयों को हाइवे पर नेहा नर्सिंग होम के पास ब्रेकर पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे पीछे बैठे भाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं घायल को इलाज के लिए उसकी मां भाजपा नेत्री/मनोनीत सभासद सदर अस्पताल ले गई।
मुख्यालय निवासी भाजपा जिला उपाध्यक्ष व मनोनीत सभासद राधा चौरसिया के पुत्र जितेंद्र चौरसिया (30) व आनंद चौरसिया (25) सीसीटीवी कैमरा लगाने के लिए कस्बे के फैक्ट्री एरिया में आये हुए थे। कैमरा लगाने के बाद वापस बाइक से घर जा रहे थे। कस्बे के नेहा नर्सिंग होम के पास बने ब्रेकर पर बाइक धीमी करके पार करने लगे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे पीछे बैठे जीतेंद्र चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आनंद चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया। वही घायल आनंद चौरसिया परिजनों को जानकारी देता रहा। कुछ देर बाद उनकी मां राधा चौरसिया मौके पर पहुंची और घायल पुत्र को अपने वाहन से इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई। घटना होने पर हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस आवागमन को बहाल करा सकी। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा कराया है।
