Friday, April 3, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलभाजपा महापौर उम्मीदवार के प्रचार में भाजपा ने उतारे अनुशासित कार्यकर्ता

भाजपा महापौर उम्मीदवार के प्रचार में भाजपा ने उतारे अनुशासित कार्यकर्ता

लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने अनुशासित कार्यकर्ताओं को लखनऊ में महापौर उम्मीदवार सुषमा खर्कवाल के प्रचार में उतारे हैं। भाजपा के नेतृत्व की ओर से प्रचार में जुटे कार्यकर्ताओं को, जो भी कार्य दिया गया है उसे बखूबी करते हुए कार्यकर्ता अपने अनुशासन का परिचय दे रहे हैं।

हजरतगंज स्थित हलवासिया मार्केट में बने भाजपा के महापौर चुनाव कार्यालय में सोमवार को विभिन्न कार्यों से जुड़े कार्यकर्ताओं कोे अपनी भूमिका को निभाते हुए पाया गया। कार्यकर्ताओं को चिन्हित वर्ग समूहों के मध्य बैठक की योजना करते, वार्डों में जनसम्पर्क का खाका बनाते, प्रतिदिन के कार्य को कार्यालय के बोर्ड पर लिखते हुए, समूह बनाकर प्रचार टोली की सूची बनाते और महापौर उम्मीदवार के दिन-रात के कार्यक्रमों की सूचना करते सक्रिय पाया गया।

वार्डों में टोली बनाकर प्रचार कर रहे युवा मोर्चा कार्यकर्ता

भाजपा की महापौर उम्मीदवार सुषमा के पक्ष में वार्ड स्तर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता टोली बनाकर प्रचार कर रहे हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की टोली जय घोष करते हुए प्रचार कर रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ले रहे प्रचार की रिपोर्ट

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपने विधानसभा कैण्ट के भीतर महापौर के प्रचार की प्रतिदिन की रिपोर्ट ले रहे हैं। उपमुख्यमंत्री सीधे तौर पर मंडल अध्यक्षों, विधानसभा के प्रमुख नेताओं से फोन से वार्ता कर प्रचार कार्य को जोर दिये हुए हैं। इसके साथ ही उनकी पत्नी नम्रता पाठक महिलाओं के साथ बैठकें कर रही हैं।

विधायक कर रहे विधानसभा की निगरानी

विधानसभा स्तर पर वार्डों की निगरानी विधायक या विधानसभा के नेता कर रहे हैं। लखनऊ उत्तर विधानसभा के वार्डों में चुनाव प्रचार में जुटे कार्यकर्ताओं को विधायक नीरज बोरा दम भर रहे हैं। विधायक नीरज बोरा अपने कार्यकर्ताओं के बीच घूमते हुए स्वयं भी प्रचार कर रहे हैं। वह हारी हुई सीटों पर चक्रव्यूह बनाकर जीतने के दावे भी करते मिल रहे हैं। सरोजनीनगर में विधायक राजेश्वर सिंह ने भी वरिष्ठ नेताओं के साथ अपने आवास पर बैठकर प्रचार की शुरुआत कर दी है।

महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह का माहौल

महिला उम्मीदवार सुषमा के मैदान में उतरने के बाद भाजपा से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। चुनाव में उम्मीदवार की घोषणा के बाद कुछ नये चेहरे भी प्रचार में उतरे हैं, जिन्हें भाजपा की सदस्यता दे दी गयी है। इसी क्रम में उत्तराखंड से मूलतः आने वाले समूहों की ओर से भाजपा की जीत का आश्वासन भी दिया जा रहा है।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular