बाराबंकी (हि.स.)। सुबेहा थाना इलाके में रविवार को भाजपा के बूथ अध्यक्ष का संदिग्ध हालत में शव मिला। गले पर भी चोट के निशान पाये जाने पर पुलिस मामले को हत्या से जोड़कर जांच में जुट गई है।
थाना सुबेहा इलाके के गांव पण्डित का पुरवा निवासी हरिहर सिंह (65) पॉल्ट्री फार्म चलाते थे। वह भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष भी थे। रविवार को उनका शव घर के पीछे पड़ा मिला। कर्मचारी भोला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। गले में चोट के निशान मिले हैं। पूछताछ के दौरान भोला ने बताया कि हरिहर सिंह पॉल्ट्री फार्म की रखवाली करने के लिए रात में यही रुक जाया करते थे। रविवार को जब वह काम के लिए यहां पहुंचा तो हरिहर को बिस्तर पर न पाकर उसे शंका हुई। इसके बाद भोला ने अन्य लोगों को जानकारी देने के बाद खोजबीन की और हरिहर का शव पड़ा पाया।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। विवेचना के दौरान जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
