Wednesday, April 1, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलभाजपा प्रदेश कार्यालय पर जीत का जश्न

भाजपा प्रदेश कार्यालय पर जीत का जश्न

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश कार्यालय पर जीत का जश्न चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ता दोपहर से ही एक दूसरे को लड्डू खिलाकर जश्न मना रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रभारी राधा मोहन सिंह सायं पांच बजे प्रदेश कार्यालय पर जीत का जश्न मनायेंगे। इस अवसर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और दोनों उप मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश में नगर निगम,नगर पालिका,नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद पद पर अधिकांश में भाजपा के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। वहीं लखनऊ नगर निगम में भी भाजपा उम्मीदवार सुषमा खर्कवाल विजयी हुई हैं। इसके अलावा झांसी,बरेली, मथुरा-वृन्दावन,मुरादाबाद और सहारनपुर नगर निगम में भी भाजपा के महापौर बने हैं। अभी सभी जनपदों के परिणाम नहीं आये हैं लेकिन अधिकांश में भाजपा आगे चल रही है।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नगर निगमों में नवनिर्वाचित महापौर एवं सभी पार्षदों को शानदार विजय की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि भाजपा की नीतियों एवं कार्यशैली पर विश्वास करके ट्रिपल इंजन सरकार बनाने के लिए देवतुल्य जनता का हृदय से आभार तथा सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन।

बृजनन्दन/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular