– पंचायत चुनाव पर होगा मंथन– सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर विशेष अभियान पर होगी चर्चा
रक्षा मंत्री राजनाथ उदघाटन व मुख्मंत्री योगी करेंगे समापन
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की 15 मार्च को राजधानी लखनऊ में होने वाले वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए पदाधिकारियों अलग-अलग दायित्व सौंपे गये हैं। बैठक में संगठनात्मक समीक्षा के अलावा पंचायत चुनाव पर ध्यान केन्द्रित करते हुए चुनावी कार्ययोजना को अंतिम स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा योगी सरकार के चार वर्ष पूरा होने पर विशेष अभियान चलाने की कार्ययोजना भी तय होगी। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में होने वाली कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
राजधानी के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर पदाधिकारी लगातार तैयारियों को अन्तिम रूप देने में जुटे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर लखनऊ महानगर के पार्टी पदाधिकरियों व मण्डल अध्यक्षों की बैठक हुई।
प्रदेश महामंत्री व सदस्य विधान परिषद अश्वनी त्यागी, प्रदेश महामंत्री व सदस्य विधान परिषद गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र के प्रभारी अमर पाल मौर्य, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा की उपस्थिति में हुई इस बैठक में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा व विचार विमर्श हुआ।
बैठक में कार्यसमिति की बैठक को लेकर पूरे शहर में पार्टी के झण्डे, बैनर लगाने के साथ-साथ सजावट करने का निर्णय किया गया। साथ ही कार्यसमिति के बैठक स्थल की बाहर व अन्दर की व्यवस्थायें, मंच सज्जा, पंजीकरण, आवास, भोजन, मीडिया सहित अन्य तैयारियों पर चर्चा कर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के मध्य कार्य विभाजन करते हुए उन्हें अलग-अलग दायित्व सौंपे गये।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक काफी समय बाद होने जा रही है। इसके पहले करीब तीन साल पहले वर्ष 2018 में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई थी। वह बैठक तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के अध्यक्षीय कार्यकाल में हुई थी। उसके बाद लम्बे समय तक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई। कोरोना संक्रमण के कारण 2020 में भी बैठक नहीं हुई। इसके बाद नये साल में यह बैठक की जाएगी।
