Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशभाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने श्रमिक चौपाल में पार्टी कार्यकर्ताओं...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने श्रमिक चौपाल में पार्टी कार्यकर्ताओं में भरी ऊर्जा

-गिनाई मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियां

गाजियाबाद(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने यहां रविवार को श्रमिक चौपाल के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। साथ ही उन्होंने गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र के लीलावती पब्लिक स्कूल में फीता काट कर श्रमिक ई-कार्ड का उद्धाटन भी किया।

श्री सिंह ने इस मौके पर कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकारों की उपलब्धियों और जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में कोई कसर ना छोड़ें। इन दोनों सरकारों ने देश में ऐतिहासिक काम किया है और जितनी उपलब्धियां हैं उसने आज तक कोई भी सरकार हासिल नहीं कर सकी है।

आज लीलावती पब्लिक स्कूल विजय नगर में श्रमिक चौपाल व भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर कार्यक्रम रखा गया, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं व श्रमिकों को बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन सभी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। यदि किसी श्रमिक को इन योजनाओं की जानकारी नहीं है तो भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित की जा रही श्रमिक चौपाल के माध्यम से इन योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना चाहिए।

दिव्यांग पेंशन योजना, बालिका प्रोत्साहन योजना, आसक्षम पेंशन योजना, कन्या विवाह सहायता, निर्माण कारगर आवास सहायता योजना, महात्मा गांधी पेंशन योजना, गंभीर बीमारी सहायता योजना, सौर ऊर्जा सहायता योजना, आवासीय विद्यालय योजना जैसी जितनी भी योजना चल रही है, वह सभी गरीबों की खुशहाली की योजनाएं हैं।

कहा कि मोदी जी जानते थे गरीबों का सबसे अधिक शोषण होता है इसलिए मोदी जी ने सबसे पहले सभी गरीबों के बैंक में अकाउंट खुलवाएं, जिससे योजनाओं के सीधे-सीधे पैसे गरीबों के अकाउंट में पहुंचाई जा सके। मोदी-योगी ने शहर व गांव में सात लाख से अधिक गरीब लोगों को आवास देने का काम किया है। साथ ही गरीबों को पांच लाख रुपये तक का हेल्थ इंश्योरेंस आयुष्मान योजना के अंतर्गत देने का भी काम किया है। अब किसी गरीब परिवार में गम्भीर बीमारी के चलते मृत्यु का सामना नहीं करना पड़ेगा। पिछली सरकारों में शौचालय व गैस सिलेंडर जैसी चीजें बड़े लोगों के यहां होती थी आज भाजपा सरकार ने सभी गरीबों के घर शौचालय व गैस सिलेंडर पहुंचाने का काम किया है।

श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले गुंडाराज हुआ करता था, योगी सरकार ने गुंडागर्दी को रोकने का काम किया है।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, संसद अनिल अग्रवाल, महापौर आशा शर्मा, दर्जा प्राप्त मंत्री बलदेव राज शर्मा, भाजपा नेता देशराज देसी, मान सिंह, पवन गोयल, गोपाल अग्रवाल, पप्पू पहलवान, देवी, कमलेश शर्मा, उषा देवी कैलाशी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular