-ओपी राजभर के छोटे पुत्र अरुण राजभर की शादी पर दी बधाई,नवयुगल को आर्शिवाद भी दिया
वाराणसी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री गिरीश यादव मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर के पैतृक गांव फत्तेहपुर खौदा पहुंचे। दोनों नेताओं ने ओपी राजभर को उनके छोटे पुत्र अरूण राजभर की शादी पर बधाई दी और नवयुगल को आर्शिवाद भी दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ओपी राजभर से कुछ देर बातचीत भी की। इस मुलाकात को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मी भी बढ़ रही है। ओपी राजभर के आवास पर आज बहूभोज (रिसेप्सन पार्टी) भी आयोजित है। मांगलिक समारोह में भाग लेने के लिए ओपी राजभर के आवास पर सियासी दलों के नेता पूर्वाह्न से ही पहुंच रहे हैं।
सुभासपा प्रमुख, गाजीपुर जहूराबाद विधानसभा से विधायक ओमप्रकाश राजभर के छोटे बेटे अरुण राजभर की शादी 11 जून रविवार को सादात की निकिता राजभर से हुई। निकिता वाराणसी के ही धीरेंद्र महिला महाविद्यालय से बीबीए कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने भी दी शुभकामनाएं
पुत्र के शादी का निमंत्रण ओमप्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी भेजा था। न्यौता मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजभर को शुभकामनाओं के साथ बधाई संदेश भेजा था। प्रधानमंत्री ने ओपी राजभर को भेजे गए बधाई कार्ड में लिखा कि अरुण और निकिता के विवाह का निमंत्रण पत्र पाकर प्रसन्नता हुई। परिवार की खुशी में शामिल करने के लिए आपका बहुत बहुत धन्यवाद। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अरुण और निकिता को नवजीवन के शुभारम्भ पर बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिखा कि शुभ लग्न की बेला में जीवन में खुशियों की सौगात लाए। विश्वास और मित्रता की डोर से दोनों सदा बने रहें। रिश्ते में स्नेह रहे। बेहतर तालमेल से जीवन आगे बढ़े और समय के साथ संबंध और अधिक गहरा और मजबूत हो। इसी कामना के साथ नव दंपति को दीर्घ, सुखद और सौभाग्य पूर्ण जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीष।
ओपी राजभर ने बेटे की शादी और बहूभोज का निमंत्रण प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, जयंत चौधरी, सुरेश खन्ना आदि मंत्रियों को भी भेजा है।
श्रीधर/दिलीप
