लखनऊ (हि.स.)। भाजपा द्वारा कराये जा रहे कामों को सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा बार-बार अपना काम बताने पर आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कुछ दिन बाद अखिलेश यादव पहला हवाई जहाज बनाने का भी दावा कर देंगे और कहेंगे कि वैज्ञानिकों ने तो बस फीता काटा था।
शुक्रवार को दोपहर बाद स्वतंत्रदेव सिंह ने ट्वीट किया “कुछ दिन बाद अखिलेश यादव कहेंगे कि दुनिया का पहला हवाई जहाज़ उन्होंने बनाया था, वैज्ञानिकों ने तो बस उसका फीता काटा था।” स्वतंत्रदेव के इस बयान पर बहुत प्रतिक्रियाएं भी आयी हैं। एक विधायक विजेन्द्र सिंह ने लिखा है कि जो व्यक्ति अपने पिता की उपलब्धियों से अपने पिता को ही बेदखल कर दे, ऐसे व्यक्ति से कोई और अपेक्षा करना बेमानी ही है। वहीं एक व्यक्ति ने गड्ढा वाली सड़क की फोटो डालते हुए कमेंट किया है कि जब पहले गड्ढा युक्त सड़कें थी तो भाजपा ने गड्ढा मुक्त क्यों नहीं किया।
पूर्वांचल एक्सप्रेस – वे हो या बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे हर समय अखिलेश यादव ने अपना कार्य बताया है। वे हमेशा कहते हैं कि भाजपा हमारे कामों पर पट्टिका लगाकर अपना काम बता रही है। इसी को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का यह कमेंट आया है।
