मृतक के परिवार वालों को नियम के विरुद्व मुआवजा दिलाने का बता रहे रास्ता
कानपुर देहात(हि.स.)। कानपुर देहात में चुनाव नजदीक है और 20 फरवरी को जनता मतदान करेगी। ऐसे में जनता का दिल जीतने के लिए राजनेता बराबर पसीना बहा रहे हैं। लेकिन भोगनीपुर से भाजपा प्रत्याशी राकेश सचान अपनी पैठ बनाने के लिए नियम विरुद्ध काम करने का रास्ता भी बता रहे हैं। हुआ यूं कि एक गांव में एक किसान की मौत हो गई तो भाजपा प्रत्याशी सात्वना देने पहुंचे और मुआवजा पाने का रास्ता भी बताने लगे। प्रत्याशी ने कहा कि मृतक के पैर पर सुई चुभो दो और बाकी मैं सब देख लूंगा। ऐसा सैकड़ों को सर्पदंश दिखाकर पांच-पांच लाख रुपये का लाभ दिला चुका हूं।
उत्तर प्रदेश हो रहे विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी इस बार चुनाव जीतने के लिए किस हद तक जा सकते है ये कानपुर देहात में देखने को मिला। जहां कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा से मैदान में प्रत्याशी बनकर उतरे भोगनीपुर विधानसभा से राकेश सचान ने जनसम्पर्क के दौरान मृतक के परिजनों से कहा शव में सुई चुभा दो, पांच लाख का मुआवजा मैं दिलवा दूंगा, सैकड़ों को दिलवा चुका हूं। ये कहते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल हो रहे वीडियो पर विपक्षी नेताओं का कहना है कि 2022 में बीजेपी पूरी तरफ से सफाया हो रही है चुनाव जीतने के लिए भाजपाई किसी भी हद तक जा सकते हैं।
यूपी के कानपुर देहात में तीन चरण में चुनाव होने है जिसके लिए सभी पार्टियों के उम्मीदवार जनता के बीच में जाकर उनको रिझाने में लगे हुए हैं। कभी सपा से सांसद रहे राकेश सचान ने सरकार जाने के बाद कांग्रेस का दामन थाम लिया था। हाल ही में अपना रानीतिक समीकरण बैठाल कर चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गये और भोगनीपुर से मौजूदा विधायक विनोद कटियार का टिकट काटकर चुनाव मैदान में उतर गये। मतदान पर अब समय कम है कोविड नियमों का भी पालन करना है। इस लिए पार्टियों की तरफ से घर घर जाकर जनसम्पर्क पर जोर दिया जा रहा है।
चुनाव जीतने की होड़ में राकेश सचान क्षेत्र में जनसम्पर्क के दौरान एक गमी वाले परिवार में पहुंच गए और उस परिवार के परिजनों को सरकारी लाभ का फायदा कैसे उठाया जाए भली भांति समझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मृतक के पैर पर सुई चुभा सांप काटने जैसा निशान बना दो। किसान बीमा का लाभ दिलवा दूंगा। घाट से शवों को मंगवाकर इस तरह का लाभ न जाने कितने लोगों को दिलवा चुका हूं। चुनाव जीतने की होड़ में वो ये सब बाते आन कैमरा बताने लगे और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि हिन्दुस्थान समाचार वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
अजय
