-वन नेशन और वन राशन का नारा देने वाले कही एक देश एक पूंजीपति का नारा न दे दें
आजमगढ(हि.स.)। जिले में दो स्थानों पर श्रद्वाजलि सभा और शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। ज्ञानवापी के विवाद पर उन्होंने कहा कि वह पुरानी मस्जिद थी और भाजपा मूल मुद्दो से ध्यान भटकाने के लिए साजिश रच रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बुल्डोजर चल रहा है, लेकिन सोमवार को जिस अस्पताल का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया वह भी अवैध है। पत्नी डिपंल के चुनाव लड़ाने के कयासों पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक में लिया जायेगा। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वन नेशन और वन राशन का नारा देने वाले कही एक देश एक पूंजीपति का नारा न दे दे। कहा कि भाजपा उद्योगपतियों के साथ अब गरीबों से भी मुनाफा कमाना चाहती है।
मंगलवार की दोपहर में पूर्वांचल एक्सप्रेस से सपा मुखिया अखिलेश यादव फूलपुर पवई के पूर्व विधायक श्यामबहादुर यादव के घर पर पहुंचकर उनकी मां को श्रद्वाजलि देकर शोक संवेदना प्रकट किया।इसके बाद वे दीदारगंज थाना क्षेत्र के गद्दोपर गांव निवासी पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा के घर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी को श्रद्वाजलि दी। इस दौरान मीडिया कर्मीयों से बातचीत करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद बहुत पुरानी रही है। ये भाजपा के द्वारा जानबूझकर साजिश है। भारतीय जनता पार्टी के अदृश्य सहयोगी जो समय-समय पर बाहर निकल कर आते है और जानबूझकर नफरत के बीज बोते है। जहां तक कोर्ट का सवाल है तो इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने भी और फैसलों में भी कहा गया है कि पुरानी चीजों को नहीं उठाया जा सकता है। बावजूद इसके भाजपा हिन्दू-मुस्लिम लोगों के बीच नफरत फैली रही है, जिससे की बुनियादी सवाल है उन पर चर्चा न हो।
उन्होंने कहा कि अभी तक तो भाजपा उद्योगपतियों से मुनाफा कमा रही थी अब गरीबों से भी मुनाफा कमाना चाहती है। भाजपा को उद्योगपतियों की तरफ से सबसे अधिक चंदा मिला है। ये ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो गरीबों से भी मुनाफा कमाना चाहती है। जब गेहूं खरीदा जा रहा है तो कोई कीमत नहीं रही और जब राशन दिया जा रहा था तो कोई शर्त नही थी, लेकिन अब चुनाव जीत गये तो गरीबों को पहचानते तक नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब होने के सवाल पर कहा कि जब ये लोग पुलिस के बल पर चुनाव जीतेगें तो पुलिस क्या कानून व्यवस्था सही करेगी।
डिम्पल यादव के आजमगढ़ से लोकसभा के उपचुनाव में प्रत्याशी बनाने के सवाल अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तो वे कुछ नहीं कह सकते लेकिन हमारी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता मिलकर तय करेगें की लोकसभा में पार्टी का कौन प्रत्याशी होगा। लेकिन हमें यहां की जनता और कार्यकर्ताओं पर भरोसा है यहां से एक बार फिर समाजवादी पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी।
राजीव
