बुलंदशहर(हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण वर्ग शिविर का शुक्रवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। भाजपा के उत्तर प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने जिला प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करते हुए भाजपा के इतिहास और विकास के विषय में जानकारी दी। राधा मोहन सिंह ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का इतिहास देश के लाखों कार्यकर्ताओं का, देश के लिए समर्पित जीवन का इतिहास है। बीजेपी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का सपना (अंधेरा हटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा) को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरा किया।
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि 2 सदस्यों वाली भारतीय जनता पार्टी आज 300 से ज्यादा सांसदों की पार्टी बन गई है। भाजपा के सभी प्रमुख चुनावी वादों को भाजपा सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान लागू किया। जिसमें अनुच्छेद 370, तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने का कानून और अयोध्या में विवादित स्थल को राम जन्मभूमि न्यास को सौंपना शामिल है। जिला प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में हमारा विचार परिवार विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल ने विचार रखे। शिविर के पहले दिन कुल 5 सत्र का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रमुख ठाकुर गिरिराज सिंह, वर्ग व्यवस्था प्रमुख जयप्रकाश शर्मा, कार्यक्रम प्रमुख दिनेश कुमार धन्नू समेत सभी विधायक शामिल हुए। जिला प्रशिक्षण वर्ग शिविर का 3 दिवसीय आयोजन होगा।
सचिन शर्मा
